ग्रेटर नोएडा। जोगी फाउंडेशन द्वारा श्री श्री महायोगी गुरु गोरखनाथ जी महाराज प्राकट्य उत्सव के पावन अवसर पर “जोगी महोत्सव 2026” का भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन ITS Engineering College, ग्रेटर नोएडा में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस महोत्सव में जोगी नाथ संप्रदाय के श्रद्धालु, युवा, माताएं-बहनें एवं बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए, जिससे पूरा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा और उत्साह से भर गया।
कार्यक्रम के दौरान महायोगी गुरु गोरखनाथ जी महाराज की शिक्षाओं पर विशेष चर्चा एवं चिंतन सत्र आयोजित किया गया, जिसमें समाज को एकजुटता, आध्यात्मिक जागरूकता और सांस्कृतिक संरक्षण का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने गुरु जी के सिद्धांतों को वर्तमान समय में अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस अवसर पर राजस्थान से पधारी सुप्रसिद्ध गायिका एवं कथा वाचिका रितु नाथ जी ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से गुरु गोरखनाथ जी की शिक्षाओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। वहीं बुलंदशहर से आई भजन मंडली के प्रमुख योगी परमानंद जी ने अपनी मधुर भजन प्रस्तुति से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया, जिससे उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
कार्यक्रम में बच्चों द्वारा प्रस्तुत शिव तांडव नृत्य एवं गुरु गोरखनाथ जी महाराज पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया और खूब सराहना प्राप्त की। इन प्रस्तुतियों ने युवाओं में संस्कृति और परंपरा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित अखिल भारतीय योगी नाथ उपाध्याय समाज सेवा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगी तेजपाल जी ने अपने संबोधन में कहा कि जोगी नाथ संप्रदाय त्याग, साधना और सेवा का प्रतीक है, जो समाज को सही दिशा देने का कार्य करता है। उन्होंने समाज से संगठित होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री राजकुमार भाटी जी ने कहा कि गुरु गोरखनाथ जी की शिक्षाएं हमें अनुशासन, समर्पण और समाज सेवा की प्रेरणा देती हैं, जिन्हें अपनाकर एक सशक्त और संगठित समाज का निर्माण किया जा सकता है।
जोगी महोत्सव के संचालक एवं जोगी फाउंडेशन के संस्थापक रोहित कुमार जोगी ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल एक कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता लाना, युवाओं और महिलाओं को प्रेरित करना तथा गुरु गोरखनाथ जी की शिक्षाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करना है। मंच से समाजसेवी प्रदीप जोगी ने भी युवाओं को समाज के उत्थान के लिए आगे आने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान 10वीं और 12वीं के मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया, साथ ही समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को महायोगी गुरु गोरखनाथ जी की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया।
लगभग 1000 से अधिक लोगों की उपस्थिति ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया, जो जोगी समाज की एकता, जागरूकता और बढ़ते प्रभाव का प्रमाण है।
इस सफल आयोजन में जोगी फाउंडेशन की टीम का विशेष योगदान रहा, जिनमें कोषाध्यक्ष देवेंद्र उपाध्याय, अध्यक्ष अमित विराट, आयोजक मोहित विराट, प्रबंधन सहयोगी आलोक विराट और ऊर्जावान कार्यकर्ता सुमित विराट की भूमिका सराहनीय रही।
समापन के अवसर पर सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने का संकल्प दिलाया गया। “जोगी महोत्सव 2026” न केवल एक कार्यक्रम रहा, बल्कि जोगी समाज के लिए नई ऊर्जा, दिशा और प्रेरणा का ऐतिहासिक केंद्र बनकर उभरा।