लखनऊः उत्तर प्रदेश की राजनीति में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के पहली बार उत्तर प्रदेश दौरे पर आने के साथ ही एनडीए की अहम बैठक आयोजित की जा रही है, जिसमें गठबंधन के सभी सहयोगी दलों के नेता शामिल होंगे।
बैठक से पहले उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि इस बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव के लिए साझा रणनीति तैयार करना और गठबंधन को और अधिक मजबूत बनाना है।
राजभर ने कहा, “भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पहली बार यूपी आए हैं। आज वे एनडीए में शामिल सभी दलों के नेताओं के साथ बैठक करेंगे। हमारा लक्ष्य उत्तर प्रदेश में वर्ष 2017 से भी अधिक सीटें जीतना है और हम सभी सहयोगी दल उसी दिशा में मिलकर काम कर रहे हैं।”
उन्होंने विश्वास जताया कि एनडीए के सभी घटक दल एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरेंगे और प्रदेश में विकास तथा सुशासन के मुद्दों को जनता के बीच लेकर जाएंगे। राजभर ने कहा कि गठबंधन पूरी मजबूती के साथ चुनावी रणनीति पर काम कर रहा है और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।
भाजपा नेतृत्व की यह बैठक आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इसमें संगठन की मजबूती, सहयोगी दलों के बीच तालमेल और चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।