लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने राजस्व, पुलिस, पारिवारिक विवाद और अन्य जनसुनवाई से जुड़े मामलों पर गंभीरता दिखाई।
मुख्यमंत्री ने राजस्व और पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों के लंबित रहने पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित समय सीमा के भीतर शिकायतों का निस्तारण किया जाए। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
जनता दर्शन में कई खिलाड़ी भी मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे। उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि जो खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक जीतेंगे, उन्हें राज्य सरकार पुरस्कार के साथ सरकारी नौकरी में भी प्राथमिकता देगी। उन्होंने खिलाड़ियों से कड़ी मेहनत करने और प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में कुछ पारिवारिक विवादों से जुड़े मामले भी सामने आए। मुख्यमंत्री ने संबंधित लोगों को समझाते हुए कहा कि ऐसे विवादों को परिवार के भीतर बातचीत से सुलझाने का प्रयास करना चाहिए, क्योंकि इनका असर बच्चों और परिवार के माहौल पर पड़ता है।
जनता दर्शन में अपने अभिभावकों के साथ पहुंचे छोटे बच्चों से मुख्यमंत्री ने आत्मीयता से बातचीत की। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई के बारे में पूछा, उन्हें चॉकलेट दी और मन लगाकर पढ़ाई करने के साथ जीवन में आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया।