चित्रदुर्ग में छात्रों से भरी टूरिस्ट बस पलटी

3 नर्सिंग छात्रों की मौत; कई घायल बेंगलुरु। कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में शुक्रवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गोवा जा रही छात्रों से भरी एक टूरिस्ट बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 3 नर्सिंग छात्रों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य छात्र घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को इलाज […]

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • August 21, 2026 3:02 pm IST, Published 33 minutes ago

3 नर्सिंग छात्रों की मौत; कई घायल

बेंगलुरु। कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में शुक्रवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गोवा जा रही छात्रों से भरी एक टूरिस्ट बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 3 नर्सिंग छात्रों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य छात्र घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब 10:30 बजे हुआ। बस में कुल 49 छात्र, 2 टीचिंग स्टाफ और 1 नॉन-टीचिंग स्टाफ सवार थे। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय ज्यादातर छात्र और स्टाफ बस में सो रहे थे।

खिड़कियां तोड़कर घायलों को निकाला

हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। बस के अंदर फंसे छात्रों को बाहर निकालने के लिए लोगों ने उसकी खिड़कियां तोड़ीं और घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।

इसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

छात्रा ने बताया हादसे का खौफनाक मंजर

हादसे में बची एक छात्रा ने बताया कि सभी लोग गोवा जा रहे थे। अचानक बस के टकराने का जोरदार एहसास हुआ और इसके बाद बस में चीख-पुकार मच गई। छात्रा के मुताबिक, कुछ स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बस की खिड़कियां तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकलने में मदद की।

हादसे की जांच शुरू

पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में बस के अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आई है। हालांकि, हादसा किस वजह से हुआ, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

हादसे में तीन छात्रों की मौत से उनके परिवारों में मातम पसरा हुआ है। प्रशासन की ओर से घायलों के इलाज और राहत कार्यों पर नजर रखी जा रही है।

Advertisement