रात में सस्ता सफर, दिन में महंगा होगा यूपी रोडवेज किराया

लखनऊ जाने वाले यात्रियों के लिए दूरी करीब 22 किलोमीटर, जबकि अयोध्या जाने वालों के लिए करीब 17 किलोमीटर बढ़ गई है। इसका असर यात्रा के समय के साथ किराये पर भी पड़ा है...

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • October 5, 2026 5:48 pm IST, Published 1 hour ago

प्रयागराज: में फाफामऊ गंगा पुल पर जाम की समस्या के चलते लागू किए गए रूट डायवर्जन के बीच रोडवेज यात्रियों के लिए राहत की खबर सामने आई है। अब रात 10 बजे से सुबह 7 बजे तक रोडवेज बसों का संचालन फाफामऊ गंगा पुल से ही किया जाएगा। इससे रात के समय सफर करने वाले यात्रियों को न केवल अतिरिक्त किराये से राहत मिलेगी, बल्कि यात्रा में लगने वाला समय भी कम होगा। क्षेत्रीय प्रबंधक ने यातायात पुलिस के साथ समन्वय के बाद बसों के संचालन को लेकर आदेश जारी कर दिए हैं।

रोडवेज की ओर से सभी बस चालकों और परिचालकों को नए निर्देशों की जानकारी दे दी गई है। तय व्यवस्था के मुताबिक रात 10 बजे से सुबह 7 बजे तक लखनऊ, अयोध्या, प्रतापगढ़ और अन्य रूटों पर जाने वाली बसें पुराने मार्ग यानी फाफामऊ पुल से होकर गुजरेंगी। इससे डायवर्जन के कारण बढ़ी दूरी और उसके चलते यात्रियों पर पड़ रहे अतिरिक्त किराये का बोझ रात के समय समाप्त हो जाएगा।

फाफामऊ पुल से सीधे संचालन होने पर यात्रियों को करीब डेढ़ घंटे तक का समय भी बचने की उम्मीद है। डायवर्जन के चलते जिन यात्रियों को फिलहाल लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है, उनके लिए रात की बस सेवा अपेक्षाकृत सुविधाजनक होगी। रात में यात्रा करने वाले यात्रियों से पहले की तरह सामान्य किराया ही लिया जाएगा।

हालांकि दिन के समय स्थिति अलग रहेगी। सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक रोडवेज बसों का फाफामऊ पुल से आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इस अवधि में बसें पहले से निर्धारित डायवर्टेड रूट से ही संचालित होंगी। बसें सीएमपी, सोहबतियाबाग और बैरहना होते हुए शास्त्री पुल, झूंसी और सहसों बाईपास के रास्ते सोरांव के भावपुर से होकर लखनऊ, अयोध्या और प्रतापगढ़ सहित अन्य शहरों की ओर जा रही हैं।

डायवर्जन के कारण कई प्रमुख रूटों की दूरी बढ़ गई है। लखनऊ जाने वाले यात्रियों के लिए दूरी करीब 22 किलोमीटर, जबकि अयोध्या जाने वालों के लिए करीब 17 किलोमीटर बढ़ गई है। इसका असर यात्रा के समय के साथ किराये पर भी पड़ा है। उदाहरण के तौर पर लखनऊ के लिए साधारण बस का किराया पहले 308 रुपये था, जो अब 343 रुपये हो गया है। जनरथ 3X2 का किराया 355 से बढ़कर 396 रुपये और जनरथ 2X2 का किराया 387 से बढ़कर 433 रुपये हो गया है। वॉल्वो बस का किराया भी 545 रुपये से बढ़कर 610 रुपये हो गया है।

अयोध्या धाम जाने वाली साधारण रोडवेज बस का किराया 272 रुपये से बढ़कर 298 रुपये हो गया है। जनरथ 3X2 में यात्रियों को 346 रुपये और जनरथ 2X2 में 449 रुपये देने पड़ रहे हैं। रायबरेली और प्रतापगढ़ जाने वाले यात्रियों पर भी अतिरिक्त किराये का असर पड़ा है। रायबरेली की साधारण बस का किराया 188 रुपये से बढ़कर 223 रुपये और प्रतापगढ़ का किराया 93 रुपये से बढ़कर 115 रुपये हो गया है।

इसके अलावा सुल्तानपुर, बस्ती, गोरखपुर, गोंडा और बहराइच जाने वाली बसों के किराये में भी रूट की दूरी बढ़ने के कारण अंतर आया है। गोरखपुर वाया अयोध्या का किराया 485 रुपये, गोंडा का 360 रुपये और बहराइच का 446 रुपये बताया गया है। दिन में डायवर्जन के बावजूद बैरहना और सोहबतियाबाग क्षेत्र में जाम की समस्या बनी हुई है। इसके साथ ही फाफामऊ पुल के आसपास गलत दिशा से आने वाले वाहनों के कारण भी यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। रोडवेज और यातायात पुलिस के बीच समन्वय के बाद रात में पुराने मार्ग को खोलने का फैसला यात्रियों के लिए राहत भरा माना जा रहा है। अब रात के यात्रियों को कम दूरी, सामान्य किराये और अपेक्षाकृत कम समय में अपने गंतव्य तक पहुंचने का लाभ मिलेगा।

 

Advertisement