• होम
  • दिल्ली/NCR
  • सीएम रेखा गुप्ता से मिले तमिलनाडु के 84 युवा प्रतिनिधि, राष्ट्रीय एकता पर हुआ संवाद

सीएम रेखा गुप्ता से मिले तमिलनाडु के 84 युवा प्रतिनिधि, राष्ट्रीय एकता पर हुआ संवाद

भारत सरकार की ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ पहल का उद्देश्य देश के विभिन्न हिस्सों के युवाओं के बीच लोगों से लोगों का जुड़ाव मजबूत करना और भारत की सांस्कृतिक विविधता की प्रत्यक्ष समझ विकसित करना है। इसके तहत युवाओं को संस्कृति, विकास, नवाचार, शासन व्यवस्था और...

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • October 28, 2026 5:20 pm IST, Published 2 hours ago

नई दिल्ली : दिल्ली की मुख्यमंत्री  रेखा गुप्ता ने बुधवार को दिल्ली सचिवालय में भारत सरकार की पहल ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के अंतर्गत आयोजित ‘युवा संगम फेज-7’ के तहत दिल्ली आए तमिलनाडु के विद्यार्थियों और फैकल्टी कोऑर्डिनेटर्स के प्रतिनिधिमंडल से संवाद किया। मुख्यमंत्री ने युवा प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि उनकी उपस्थिति भारत की युवा शक्ति, ऊर्जा, आकांक्षाओं और असीम संभावनाओं का प्रतीक है। युवा संगम जैसे कार्यक्रम देश के विभिन्न राज्यों के युवाओं को एक-दूसरे की संस्कृति, परंपराओं, विकास यात्रा और जीवनशैली को करीब से समझने का अवसर देते हैं। इससे न केवल सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलता है, बल्कि आपसी विश्वास, सम्मान और राष्ट्रीय एकता की भावना भी मजबूत होती है।

सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्रीय एकता पर जोर

संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘युवा संगम’ माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की परिकल्पना ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। यह पहल युवाओं को विभिन्न राज्यों की यात्रा करने, वहां की संस्कृति और विकास को समझने, नवाचार एवं शासन व्यवस्था के बारे में जानने तथा दूसरे राज्यों के जनजीवन का अनुभव प्राप्त करने का अवसर प्रदान करती है। भारत की असली ताकत उसकी विविधता में निहित है। अलग-अलग भाषाएं, खान-पान, कला और जीवनशैलियां हमारी राष्ट्रीय पहचान को समृद्ध बनाती हैं। जब युवा एक राज्य से दूसरे राज्य की यात्रा करते हैं तो न केवल विचारों का आदान-प्रदान होता है, बल्कि स्थायी मित्रता और आपसी सहयोग के नए द्वार भी खुलते हैं।

तमिलनाडु की विरासत और उपलब्धियों की सराहना

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने तमिलनाडु की समृद्ध सभ्यतागत विरासत, साहित्य, कला और ज्ञान परंपराओं का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा, विज्ञान, प्रौद्योगिकी और उद्योग के क्षेत्र में राज्य का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने विश्वास जताया कि तमिलनाडु से आए युवा अपने राज्य की गौरवशाली विरासत और उपलब्धियों के प्रतिनिधि हैं। दिल्ली में उनका प्रवास उन्हें राजधानी की सांस्कृतिक विविधता, विकास कार्यों, शासन व्यवस्था और सामुदायिक जीवन को करीब से जानने का अवसर देगा। साथ ही, वे अपने अनुभवों और विचारों से इस संवाद को और अधिक सार्थक बनाएंगे।

दिल्ली की परिवहन व्यवस्था और ऐतिहासिक स्थलों का आमंत्रण

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को दिल्ली की आधुनिक परिवहन व्यवस्था, मेट्रो नेटवर्क, इलेक्ट्रिक बसों और नई ईवी नीति को करीब से देखने तथा राजधानी के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक स्थलों का भ्रमण करने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने दिल्ली को आधुनिक, स्वच्छ और जनहितैषी बनाने के प्रयासों पर सुझाव साझा करने और अपने ज्ञान, कौशल व नवाचार से ‘विकसित भारत @2047’ के लक्ष्य में योगदान देने का आह्वान किया। साथ ही, उन्होंने विद्यार्थियों से अपने अनुभव परिवार, मित्रों और समाज के साथ साझा कर राज्यों के बीच आपसी जुड़ाव मजबूत करने का आग्रह किया तथा प्रतिनिधिमंडल की ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक यात्रा की कामना की।

‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के तहत 84 सदस्यीय दल का दौरा

युवा संगम फेज-7 के अंतर्गत सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ तमिलनाडु के विद्यार्थियों और फैकल्टी कोऑर्डिनेटर्स का प्रतिनिधिमंडल 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक दिल्ली के प्रवास पर है। इस कार्यक्रम में तमिलनाडु के विद्यार्थी और फैकल्टी कोऑर्डिनेटर्स सहित 84 लोग शामिल हैं। भारत सरकार की ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ पहल का उद्देश्य देश के विभिन्न हिस्सों के युवाओं के बीच लोगों से लोगों का जुड़ाव मजबूत करना और भारत की सांस्कृतिक विविधता की प्रत्यक्ष समझ विकसित करना है। इसके तहत युवाओं को संस्कृति, विकास, नवाचार, शासन व्यवस्था और सामुदायिक जीवन से जुड़े विभिन्न पहलुओं का अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलता है। इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्रालय के उप सचिव श्री श्रेयांश मोहन, युवा संगम फेज-7 के नोडल अधिकारी प्रो. के.पी. सिंह, एसजीटीबी खालसा कॉलेज के प्रिंसिपल प्रो. गुरमोहिंदर सिंह, केंद्रीय तमिलनाडु विश्वविद्यालय के फैकल्टी कोऑर्डिनेटर प्रो. नागेश्वर राव डी, श्री श्रीअंश मिश्रा उपस्थित थे।

 

 

Advertisement