नयी दिल्ली: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब मतगणना से पहले बड़ा अपडेट सामने आया है। राज्य की सभी 294 विधानसभा सीटों पर दो चरणों में मतदान संपन्न हो चुका है और अब 4 मई को वोटों की गिनती होनी है। इसी बीच चुनाव आयोग ने 15 मतदान केंद्रों पर दोबारा मतदान कराने का आदेश जारी कर दिया है, जिससे राजनीतिक हलचल बढ़ गई है।
आयोग के अनुसार, यह फैसला कुछ बूथों पर अनियमितताओं और गड़बड़ी की शिकायतों के बाद लिया गया है। जिन क्षेत्रों में पुनर्मतदान कराया जाएगा, उनमें डायमंड हार्बर और मगराहट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के बूथ शामिल हैं। कुल मिलाकर 15 मतदान केंद्रों पर 2 मई को फिर से वोट डाले जाएंगे। इससे पहले राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) मनोज कुमार अग्रवाल ने भी संकेत दिए थे कि दक्षिण 24 परगना सहित कुछ संवेदनशील इलाकों में मतदान प्रक्रिया को लेकर ऑब्जर्वर की रिपोर्ट का विश्लेषण किया जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर जरूरत पड़ने पर री-पोलिंग की सिफारिश की जा सकती है, जो अब लागू हो चुकी है। चुनाव आयोग के इस फैसले के बाद राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी तेज हो गया है। जहां कुछ दल इसे निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया के लिए जरूरी कदम बता रहे हैं, वहीं कुछ नेताओं ने इसे लेकर सवाल भी उठाए हैं। अब सभी की नजरें 4 मई को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं, लेकिन उससे पहले 15 बूथों पर होने वाली दोबारा वोटिंग ने चुनावी समीकरणों को और दिलचस्प बना दिया है।