गाजियाबाद: पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 2 करोड़ रुपये कीमत के चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस कार्रवाई के तहत पुलिस ने कुल 700 मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिए। यह बरामदगी शहर के 13 थाना क्षेत्रों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान की गई। पुलिस ने तकनीकी जांच और निगरानी के जरिए इन मोबाइल फोन को ट्रेस किया। इस पूरी कार्रवाई में केंद्र सरकार के CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की अहम भूमिका रही। इस पोर्टल की मदद से मोबाइल फोन के IMEI नंबर के आधार पर उनके असली मालिकों की पहचान की गई, जिससे तेजी से रिकवरी संभव हो सकी।
इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस उपायुक्त (DCP) धवल जायसवाल ने एक प्रेसवार्ता में बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और चोरी या गुम हुए मोबाइल फोन को ट्रेस करने की प्रक्रिया को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि तकनीक के सही उपयोग से पुलिस को बड़ी सफलता मिल रही है और इससे आम जनता का पुलिस पर भरोसा भी बढ़ा है। पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल लोगों को उनका खोया हुआ सामान वापस मिला है, बल्कि साइबर और मोबाइल चोरी से जुड़े अपराधों पर भी रोक लगाने में मदद मिली है।