नई दिल्ली: दिल्ली में छठ महापर्व के आयोजन की तैयारियां चाक-चौबंद हैं। मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता स्वयं तैयारियों की लगातार निगरानी कर रही हैं। विभिन्न घाटों के निरीक्षण और संबंधित विभागों के साथ समीक्षा बैठकों के माध्यम से मुख्यमंत्री ने महापर्व को लेकर विशेष निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार घाटों पर बिजली, पानी, सड़क, सुरक्षा, चिकित्सा और स्वच्छता तक सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को छठ पूजा के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को भी छठ व्यवस्था को लेकर जनसेवा सदन में बैठक आयोजित की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व लाखों परिवारों की आस्था, विश्वास और परंपरा से जुड़ा है। सरकार का दायित्व है कि प्रत्येक व्रती और श्रद्धालु को पूजा-अर्चना के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण मिले। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को स्पष्ट जिम्मेदारियां दी गई हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जहां भी कोई कमी या बाधा सामने आए, संबंधित विभाग आपसी समन्वय से उसका तत्काल समाधान करें।
मुख्यमंत्री के अलावा वरिष्ठ अधिकारी भी कर रहे हैं निरीक्षण
छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री तो विभिन्न घाटों पर दौरा कर रही हैं, साथ ही वरिष्ठ अधिकारी भी वहां जाकर निरीक्षण कर रहे हैं। विभिन्न जिलों के डीएम छठ पूजा समितियों और संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार घाटों का अंतिम संयुक्त निरीक्षण कर रहे हैं। इस दौरान घाटों की तैयारियों, पहुंच मार्गों, बिजली, पानी, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थिति पक्की की जा रही है। निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों को संबंधित विभागों के माध्यम से दूर कर दिया गया है, ताकि घाटों पर छठ महापर्व शुरू होने से पहले आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित हो सकें।
छठ घाटों पर पूरी तरह सक्रिय रहेंगी व्यवस्थाएं
मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार 16 नवंबर तक सभी घाटों पर आवश्यक व्यवस्थाओं और कर्मचारियों की पूरी तैनाती सुनिश्चित कर ली गई है। इसके लिए अलग-अलग विभागों को उनके दायित्व सौंपे गए हैं। दिल्ली पुलिस घाटों पर सुरक्षा और कानून-व्यवस्था संभालेगी, जबकि यातायात पुलिस श्रद्धालुओं की आवाजाही, वाहनों के सुचारु संचालन और आपातकालीन रास्तों की व्यवस्था देखेगी। स्वच्छता के लिए नगर निगम और नई दिल्ली नगरपालिका परिषद को घाटों तथा आसपास के क्षेत्रों में सफाई, कचरा संग्रहण और निस्तारण की जिम्मेदारी दी गई है।
दिल्ली जल बोर्ड पानी के टैंकरों और पेयजल की व्यवस्था कर रहा है, जबकि दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड ने मोबाइल शौचालयों की उपलब्धता और उनकी नियमित सफाई सुनिश्चित की है। बिजली विभाग और बिजली वितरण कंपनियों ने घाटों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर बिजली और रोशनी की व्यवस्था कर दी है।
स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवाओं की भी रहेगी व्यवस्था
मुख्यमंत्री के निर्देश पर श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रमुख घाटों पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। स्वास्थ्य विभाग और केंद्रीयकृत दुर्घटना एवं आघात सेवा को डॉक्टरों, पैरामेडिकल कर्मचारियों, प्राथमिक उपचार, चिकित्सा शिविर और एंबुलेंस की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी मिली है। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबंधित एजेंसियों और नजदीकी अस्पतालों के बीच समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा।
पर्व के बाद भी घाटों की सफाई और व्यवस्थाओं की होगी निगरानी
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि छठ महापर्व के आयोजन के साथ ही सरकार की जिम्मेदारी समाप्त नहीं होगी। पर्व संपन्न होने के बाद घाटों और आसपास के क्षेत्रों की विशेष सफाई सुनिश्चित की जाएगी। संबंधित एजेंसियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाने और प्रत्येक घाट की स्थिति की तस्वीरों सहित अनुपालन रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि सरकार का प्रयास है कि दिल्ली में रहने वाला प्रत्येक पूर्वांचली परिवार और सभी श्रद्धालु पूरी श्रद्धा, सम्मान और निश्चिंतता के साथ छठ महापर्व मना सकें। इसके लिए सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करना और जमीनी स्तर पर उनकी उपलब्धता सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है।