नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में लगातार बढ़ती आतंकी गतिविधियों और कुलगाम में हुए हमले के बाद केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने जवानों की सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाए हैं। अब जम्मू-कश्मीर में ड्यूटी पर तैनात सभी जवानों के लिए बुलेटप्रूफ जैकेट और हेलमेट पहनना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर भी रोक लगा दी गई है। नए निर्देशों का उद्देश्य आतंकवादी हमलों के खतरे को कम करना और सुरक्षा बलों की सतर्कता बढ़ाना है।
CRPF की ओर से जारी नए दिशा-निर्देशों के मुताबिक, ड्यूटी के दौरान जवान अपने निजी मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे। हालांकि, कंपनी कमांडरों को आवश्यक सरकारी कामकाज के लिए मोबाइल फोन इस्तेमाल करने की अनुमति होगी। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन के इस्तेमाल से जवानों का ध्यान भटक सकता है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होने का खतरा रहता है।
दरअसल, 11 नवंबर को जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाया था। इस हमले में CRPF के तीन जवान घायल हो गए थे। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। CRPF के महानिदेशक (DG) जीपी सिंह ने भी हालात का जायजा लिया था। इसके बाद सभी कंपनी कमांडरों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
नए आदेश के तहत जांच नाकों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त जवानों की तैनाती की जाएगी। साथ ही सुरक्षा चौकियों को अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया गया है। जवानों को आतंकियों की गोलीबारी से बचाने के लिए बुलेटप्रूफ सुरक्षा चौकियों की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
CRPF ने शाम और रात के समय सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। इसके तहत जांच चौकियों और संवेदनशील इलाकों में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जाएगी, ताकि अंधेरे का फायदा उठाकर आतंकी किसी वारदात को अंजाम न दे सकें। जवानों को हर समय सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
कुलगाम हमले की जांच में यह बात सामने आई है कि हमले में शामिल उमर निसार डार ने लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट को करीब छह महीने तक पनाह दी थी। दोनों ने हमले से पहले कई इलाकों की रेकी भी की थी।
सोमवार को हुई मुठभेड़ में उमर निसार डार मारा गया, जबकि लतीफ भट मौके से भागने में कामयाब रहा। इसके बाद सुरक्षा बलों ने उसकी तलाश तेज कर दी। मंगलवार को भी इलाके में ड्रोन और खोजी कुत्तों की मदद से तलाशी अभियान चलाया गया।
कुलगाम की घटना के बाद CRPF के नए निर्देशों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। अब संवेदनशील इलाकों में जवानों की तैनाती, सुरक्षा उपकरणों के इस्तेमाल और निगरानी व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।