• होम
  • देश
  • वाहन चालकों के लिए खुशखबरी, BS-6 गाड़ियों का PUC अब बार-बार नहीं बनवाना पड़ेगा

वाहन चालकों के लिए खुशखबरी, BS-6 गाड़ियों का PUC अब बार-बार नहीं बनवाना पड़ेगा

नए नियमों में पीयूसी प्रमाणपत्र के नवीनीकरण की तारीख को लेकर भी महत्वपूर्ण स्पष्टीकरण दिया गया है। यदि कोई वाहन मालिक अपने मौजूदा प्रमाणपत्र की समाप्ति से 10 दिन पहले नवीनीकरण के लिए आवेदन करता है, तो नया प्रमाणपत्र पुराने सर्टिफिकेट की समाप्ति की तारीख से...

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • November 19, 2026 8:00 pm IST, Published 7 minutes ago

नई दिल्ली: वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर है। केंद्र सरकार ने प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र यानी पीयूसी (PUC) बनवाने और उसकी वैधता से जुड़े नियमों में बड़ा बदलाव किया है। नए नियमों के तहत भारत स्टेज-6 (BS-6) श्रेणी के निजी और व्यावसायिक वाहनों के लिए पीयूसी सर्टिफिकेट की अवधि बढ़ा दी गई है। अब नए BS-6 निजी वाहन मालिकों को हर छह महीने या सालाना प्रदूषण प्रमाणपत्र बनवाने की जरूरत नहीं होगी। छह साल तक पुराने BS-6 निजी वाहनों का पीयूसी प्रमाणपत्र तीन साल तक वैध रहेगा। वहीं, BS-6 व्यावसायिक वाहनों के लिए इसकी अवधि दो साल निर्धारित की गई है।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने केंद्रीय मोटर वाहन नियमों में संशोधन करते हुए इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। यह बदलाव मोटर वाहन अधिनियम 1988 के तहत केंद्रीय मोटर वाहन (16वां संशोधन) नियम, 2026 के माध्यम से किया गया है। सरकार का यह कदम खासतौर पर नए और कम प्रदूषण उत्सर्जन करने वाले वाहनों के मालिकों को बार-बार पीयूसी बनवाने की प्रक्रिया से राहत देने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

नए नियमों के मुताबिक, निजी BS-6 वाहनों की पीयूसी वैधता उनकी उम्र के आधार पर तय होगी। छह साल तक पुराने निजी BS-6 वाहनों के लिए प्रदूषण प्रमाणपत्र तीन साल तक मान्य रहेगा। छह साल से अधिक और 10 साल तक पुराने वाहनों को प्रत्येक एक साल में पीयूसी का नवीनीकरण कराना होगा। वहीं, 10 साल से ज्यादा पुराने BS-6 निजी वाहनों के मालिकों को हर छह महीने में नया प्रदूषण प्रमाणपत्र बनवाना अनिवार्य होगा।

व्यावसायिक यानी ट्रांसपोर्ट वाहनों के लिए भी अलग व्यवस्था लागू की गई है। छह साल तक पुराने BS-6 कमर्शियल वाहनों का पीयूसी प्रमाणपत्र दो साल तक वैध रहेगा। छह से 10 साल तक पुराने व्यावसायिक वाहनों के लिए इसकी अवधि एक साल होगी। जबकि 10 साल से अधिक पुराने कमर्शियल वाहनों को हर छह महीने में प्रदूषण जांच कराकर प्रमाणपत्र का नवीनीकरण कराना पड़ेगा। सरकार ने BS-6 के अलावा पुराने उत्सर्जन मानकों वाले वाहनों के लिए भी मौजूदा व्यवस्था जारी रखी है। BS-1, BS-2 और BS-3 श्रेणी के वाहनों के लिए पीयूसी प्रमाणपत्र की वैधता तीन महीने ही रहेगी। वहीं BS-4 वाहनों के लिए छह महीने की अवधि पहले की तरह लागू रहेगी। यानी पुराने वाहन मालिकों को फिलहाल पीयूसी बनवाने के नियमों में कोई अतिरिक्त राहत नहीं दी गई है।

नए नियमों में पीयूसी प्रमाणपत्र के नवीनीकरण की तारीख को लेकर भी महत्वपूर्ण स्पष्टीकरण दिया गया है। यदि कोई वाहन मालिक अपने मौजूदा प्रमाणपत्र की समाप्ति से 10 दिन पहले नवीनीकरण के लिए आवेदन करता है, तो नया प्रमाणपत्र पुराने सर्टिफिकेट की समाप्ति की तारीख से प्रभावी माना जाएगा। इससे प्रमाणपत्र की वैधता के बीच अनावश्यक अंतर नहीं आएगा। वहीं, यदि वाहन मालिक पुराने पीयूसी प्रमाणपत्र की अवधि समाप्त होने के बाद नवीनीकरण कराता है, तो नया प्रमाणपत्र उसी दिन से प्रभावी होगा, जिस दिन उसका नवीनीकरण किया जाएगा। इससे वाहन चालकों के लिए समय पर प्रमाणपत्र बनवाना जरूरी रहेगा। मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि पहले से जारी पीयूसी प्रमाणपत्रों पर नई वैधता अवधि तुरंत स्वतः लागू नहीं होगी। ऐसे प्रमाणपत्रों पर संशोधित नियमों का लाभ तब मिलेगा, जब नियम लागू होने के बाद उनका पहली बार नवीनीकरण कराया जाएगा।

इस बदलाव से खासतौर पर नए BS-6 निजी वाहन मालिकों को बार-बार प्रदूषण जांच केंद्रों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी। हालांकि, वाहन की उम्र बढ़ने के साथ प्रदूषण प्रमाणपत्र की वैधता भी कम होती जाएगी। ऐसे में वाहन चालकों को अपनी गाड़ी की श्रेणी और उम्र के अनुसार पीयूसी की अंतिम तारीख का ध्यान रखना होगा। सरकार के इस फैसले से वाहन दस्तावेजों से जुड़ी प्रक्रिया आसान होने के साथ प्रदूषण नियंत्रण व्यवस्था को वाहन की उम्र और उत्सर्जन मानकों के अनुरूप बनाए रखने की कोशिश की गई है।


Advertisement