बक्सर में भीषण सड़क हादसा : 6 की मौत

100 की रफ्तार से बाइक को मारी टक्कर, 20 फीट हवा में उछलकर पेड़ से टकराई कार बक्सर। बिहार के बक्सर जिले में गुरुवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार कार ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि […]

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • November 20, 2026 8:22 am IST, Published 2 minutes ago

100 की रफ्तार से बाइक को मारी टक्कर, 20 फीट हवा में उछलकर पेड़ से टकराई कार

बक्सर। बिहार के बक्सर जिले में गुरुवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार कार ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार करीब 20 फीट हवा में उछलकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार तीन लोगों ने अस्पताल ले जाते समय और इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

यह दुर्घटना राजपुर थाना क्षेत्र के सोनपा गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग NH-319A पर हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कार की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा थी। बाइक को पीछे से टक्कर लगते ही कार अनियंत्रित हो गई और हवा में उछलकर पेड़ से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

यूपी से बारात लेकर बिहार जा रहे थे कार सवार

जानकारी के अनुसार, कार में सवार तीनों युवक उत्तर प्रदेश के गहमर थाना क्षेत्र के भतउरा गांव के रहने वाले थे। वे गांव से बारात लेकर बिहार के रामगढ़ थाना क्षेत्र के बिशनपुर गांव जा रहे थे। इसी दौरान सोनपा गांव के पास उनकी कार आगे चल रही बाइक से टकरा गई।

टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार इरफान अंसारी (25), अरबाज अंसारी (20) और बादल कुमार (30) की मौके पर ही मौत हो गई।

बाइक सवार तीन युवकों ने भी तोड़ा दम

हादसे में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी पहचान अरुण कुमार (22), शुभम कुमार (21) और शिवम कुमार (18) के रूप में हुई है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। अरुण कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, गंभीर हालत में शुभम और शिवम को बेहतर उपचार के लिए वाराणसी रेफर किया गया था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही दोनों ने दम तोड़ दिया।

इस तरह हादसे में कुल छह लोगों की जान चली गई। मृतकों की खबर मिलते ही उनके परिवारों में मातम छा गया।

बाइक सवार रिश्तेदार के घर से निकले ही थे

स्थानीय जानकारी के मुताबिक, बाइक सवार युवक एक रिश्तेदार के घर से निकलकर महज 50 मीटर आगे ही पहुंचे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाने और यातायात सामान्य कराने की कार्रवाई की।

तेज रफ्तार ने उजाड़ दिए छह परिवार

यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को सामने लाता है। शादी की खुशियों के बीच छह परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस बारात में खुशियां और उत्साह होना चाहिए था, वहां अब मातम पसरा है।

पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। दुर्घटना में कार की गति और चालक के नियंत्रण से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

Advertisement