मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से विमान के जरिए देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। वहां से सड़क मार्ग से अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे। गांव पहुंचते ही उन्होंने मां के पार्थिव शरीर के दर्शन किए और श्रद्धांजलि अर्पित की। बताया जा रहा है कि वह पूरी रात मां के पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे। परिवार के अन्य सदस्य और रिश्तेदार भी इस दुख की घड़ी में उनके साथ मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर मां की तस्वीर साझा करते हुए भावुक संदेश लिखा, ‘मां… ॐ शांति’।
नास्ति मातृसमा छाया नास्ति मातृसमा गतिः।
नास्ति मातृसमं त्राणं नास्ति मातृसमा प्रिया॥
🙏 https://t.co/usBszRtWjQ— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 21, 2026
शनिवार सुबह सावित्री देवी की अंतिम यात्रा पंचूर गांव से शुरू हुई। पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए हरिद्वार स्थित चंडीघाट ले जाया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां की अर्थी को कंधा दिया। अंतिम यात्रा में परिवार के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी शामिल हुए। हरिद्वार के नीलधारा गंगा तट पर स्थित चंडीघाट श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार की तैयारियां की गई थीं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह करीब 11:30 बजे अंतिम संस्कार होना था। सावित्री देवी का अंतिम संस्कार हरिद्वार में किए जाने के पीछे पारिवारिक और स्थानीय परंपरा भी जुड़ी हुई है। पंचूर गांव के लोगों की परंपरा के अनुसार परिवार के सदस्यों का अंतिम संस्कार हरिद्वार में किया जाता है। इसी परंपरा का पालन करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां का पार्थिव शरीर भी चंडीघाट लाया गया। अंतिम संस्कार में उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश सरकार के कई वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों के शामिल होने की संभावना जताई गई थी।
मुख्यमंत्री की मां के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने योगी आदित्यनाथ से बातचीत कर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। इसके अलावा राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई लोगों ने सावित्री देवी के निधन पर शोक जताया। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत कई नेताओं के अंतिम संस्कार में पहुंचने की संभावना थी।

हरिद्वार प्रशासन ने अंतिम संस्कार को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। चंडीघाट और आसपास के इलाकों में पुलिस बल तैनात किया गया। वीआईपी आगमन को ध्यान में रखते हुए प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी बढ़ाई गई। अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लखनऊ लौटना था। राजधानी में शाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में कौशल दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाना था, जिसमें मुख्यमंत्री को भी शामिल होना था। एक तरफ मां को खोने का गहरा दुख और दूसरी तरफ संवैधानिक जिम्मेदारियां, इन दोनों परिस्थितियों के बीच योगी आदित्यनाथ का यह दिन बेहद भावुक और चुनौतीपूर्ण रहा। मां के प्रति उनका प्रेम और अंतिम विदाई के दौरान छलके आंसू इस दुखद अवसर की सबसे मार्मिक तस्वीर बन गए।