• होम
  • दिल्ली
  • सिंदूर से लेकर सनातन और विकास तक, मोदी नेतृत्व पर देश को गर्व

सिंदूर से लेकर सनातन और विकास तक, मोदी नेतृत्व पर देश को गर्व

  नई दिल्ली: दिल्ली सरकार के कला, संस्कृति एवं भाषा मंत्री कपिल मिश्रा ने शुक्रवार को करावल नगर विधानसभा के सोनिया विहार में मुख्यमंत्री विकास निधि से 70 लाख रुपये की लागत से तीसरा पुस्ता मार्केट के सड़क एवं नालों के निर्माण कार्य का शुभारम्भ किया और तैयार लिंक गलियों का लोकार्पण भी किया। इस […]

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • May 8, 2026 7:25 pm IST, Published 1 week ago

 

नई दिल्ली: दिल्ली सरकार के कला, संस्कृति एवं भाषा मंत्री कपिल मिश्रा ने शुक्रवार को करावल नगर विधानसभा के सोनिया विहार में मुख्यमंत्री विकास निधि से 70 लाख रुपये की लागत से तीसरा पुस्ता मार्केट के सड़क एवं नालों के निर्माण कार्य का शुभारम्भ किया और तैयार लिंक गलियों का लोकार्पण भी किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारतीय सेना के शौर्य की अदभुत मिसाल ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के एक वर्ष पूर्ण होने पर आज पूरा देश यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व और सेना के शौर्य को नमन कर रहा है।

कपिल मिश्रा ने कहा कि एक वर्ष पूर्व भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के जरिये आतंकवादियों का ऐसा भूत बनाया कि सबूत मांगने वाले भी आज बधाई दे रहे हैं। दुनिया के इतिहास में पहली बार किसी देश की सेना ने किसी परमाणु हथियार संपन्न देश की सीमा में हमला किया और आतंकियों को सबक सिखाया।

कपिल मिश्रा ने कहा कि एक साल पहले सर्जिकल स्ट्राइक तब हुई जब 90 मिनट में पाकिस्तान के 11 सैनिक हवाई अड्डे नष्ट करके हमारी सेना वापस भी आ गई थी, और अब एक सर्जिकल स्ट्राइक 4 मई को बंगाल की जनता ने सनातन विरोधियों के खिलाफ की है। देश की जनता ने दिल्ली, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के नतीजों से यह बता दिया कि जो सनातन को मिटाने की बात करेगा, जनता उसको मिटाकर छोड़ेगी।

कपिल मिश्रा ने करावल नगर में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि पिछले एक साल से अब तक करावल नगर में 300 करोड़ रुपये से ज्यादा के विकास कार्य स्वीकृत हो चुके हैं। लगभग 70 करोड़ रुपये की लागत से सीवर का जाल बिछाने का कार्य अकेले सोनिया विहार में हो रहा है और सभापुर वार्ड में भी सीवर का काम एक महीने में शुरू हो जायेगा।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों में विधायक एवं पार्षदों के पास विकास कार्यों के लिए हमेशा फण्ड की कमी रहती थी, इससे निगम पार्षदों और विधायकों में तनाव की स्थिति बनी रहती थी। मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने यह निर्णय लिया कि निगम पार्षदों के हाथ भी मजबूत किए जाएंगे और एक-एक करोड़ रुपये का फंड सभी निगम पार्षदों को दिया गया है।

कपिल मिश्रा ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों में अनियमित कॉलोनियों के नाम पर सिर्फ बहानेबाजी होती थी, नक्शा पास न होने के नाम पर कई नेता मलबा गिराकर ही पांच साल काट लेते थे। सीवर के कार्यों के लिए 4-5 साल तक गलियां खुदी रहती थीं। वर्तमान सरकार में लगभग एक साल में ही सोनिया विहार में सीवर का काम 70 से 80 प्रतिशत पूरा हो चुका है। इससे जल्द ही जलभराव और गलियों की समस्या दूर हो जाएगी। उन्होंने कहा कि इस इलाके पर “अनऑथराइज्ड” का ठप्पा लगा हुआ है, वह भी हटेगा। दिल्ली का नया मास्टर प्लान आने वाला है। उस मास्टर प्लान में कोशिश की जा रही है कि ओ-ज़ोन से भी लोगों को राहत मिले।

कपिल मिश्रा ने कहा कि पुस्ते को ठीक करने का काम भी कर रहे हैं। जितना पुस्ता पहले से भरा हुआ है, उसके ऊपर टाइल लगाकर ट्रैफिक चलाने का काम तुरंत शुरू किया जायेगा। लम्बे समय से चली आ रही पुस्ते को डबल करने की मांग की फाइल भी शुरू कर दी गई है। यह 350-400 करोड़ की बड़ी योजना है, आवश्यक स्वीकृतियों के बाद काम शुरू होगा। नगर निगम का एक और प्राइमरी स्कूल भी सोनिया विहार में शुरू करने की योजना है। सभापुर में हाई टेंशन वायर को अंडरग्राउंड करने का भी काम होगा। दिल्ली सरकार की ऐतिहासिक यमुना में क्रूज चलाने की योजना पर भी काम चल रहा है और 1 से 2 महीने में इसे शुरू किया जायेगा। इस अवसर पर निगम पार्षद सोनी अनुपम पांडे भी उपस्थित रहीं।

Tags

Modi Sanatan
Advertisement