• होम
  • दिल्ली
  • ‘एक पेड़ माँ के नाम’ से हरित भारत का संकल्प

‘एक पेड़ माँ के नाम’ से हरित भारत का संकल्प

नई दिल्ली: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने नई दिल्ली के नेहरू पार्क में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में पीपल का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का संदेश दिया। यह कार्यक्रम नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा […]

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • June 5, 2026 6:37 pm IST, Published 3 hours ago

नई दिल्ली: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने नई दिल्ली के नेहरू पार्क में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में पीपल का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का संदेश दिया। यह कार्यक्रम नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत आयोजित किया गया।

इस अवसर पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा, सांसद बांसुरी स्वराज, एनडीएमसी अध्यक्ष केशव चंद्रा, उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल सहित कई गणमान्य लोगों ने भी अपनी माताओं के नाम पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण में विशेष योगदान देने वाले विभिन्न ‘पर्यावरण प्रहरियों’ को सम्मानित किया गया। इनमें मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, पौधों की देखभाल करने वाले नागरिक, माली और अधिकारी शामिल रहे। नितिन नवीन ने सम्मानित लोगों से संवाद कर उनके अनुभव भी साझा किए और उनके योगदान की सराहना की।

मीडिया से बातचीत में नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से शुरू हुआ ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान अब जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मातृ सम्मान की भावना को भी मजबूत कर रही है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।

एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस के साथ इस अभियान की दूसरी वर्षगांठ भी जुड़ी हुई है। उन्होंने बताया कि यह पहल लोगों को अपनी माताओं के सम्मान में पौधे लगाने और प्रकृति संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित कर रही है।

उन्होंने बताया कि एनडीएमसी क्षेत्र दिल्ली के कुल क्षेत्रफल का लगभग तीन प्रतिशत हिस्सा है, लेकिन यहां करीब 55 प्रतिशत क्षेत्र हरित आवरण के अंतर्गत आता है। परिषद लगभग 1,450 एकड़ हरित क्षेत्र का प्रबंधन करती है, जिसमें नेहरू पार्क, सेंट्रल पार्क और संजय झील जैसे प्रमुख हरित स्थल शामिल हैं।

कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं और स्थानीय निवासियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जिससे यह आयोजन जनसहभागिता और पर्यावरण जागरूकता का प्रतीक बन गया।

Advertisement