कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान कथित तौर पर भड़काऊ बयान देने के मामले में मंगलवार को राज्य की सीआईडी (CID) ने उनसे 6 घंटे से भी अधिक समय तक मैराथन पूछताछ की।
अभिषेक बनर्जी मंगलवार को दोपहर होने से पहले कोलकाता के अलीपुर स्थित सीआईडी मुख्यालय ‘भवानी भवन’ पहुंचे थे। सीआईडी के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, जांच टीम ने इस पूछताछ के लिए पहले से ही सवालों की एक विस्तृत सूची तैयार कर रखी थी। जांचकर्ताओं ने अभिषेक बनर्जी से चुनावी रैलियों में दिए गए उनके कथित विवादित बयानों और उसके पीछे की मंशा को लेकर कड़े सवाल किए। पूरी पूछताछ के बाद वह शाम करीब 6:25 बजे सीआईडी मुख्यालय से बाहर निकले।
भवानी भवन से बाहर निकलते ही सीआईडी दफ्तर के बाहर भारी संख्या में मीडियाकर्मी मौजूद थे। हालांकि, अभिषेक बनर्जी ने पत्रकारों के किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया और वे मीडिया से बचते हुए सीधे अपनी गाड़ी में बैठकर टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास के लिए रवाना हो गए।
अभिषेक बनर्जी के खिलाफ यह मामला विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान विभिन्न रैलियों में दिए गए भाषणों से जुड़ा है। आरोप है कि उनके इन बयानों से सार्वजनिक व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था, जिसकी गंभीरता को देखते हुए जांच बाद में सीआईडी को सौंप दी गई थी। इसी सिलसिले में पिछले दिनों सीआईडी ने उन्हें नोटिस तामिल कराया था, जिसके बाद वे आज पेश हुए।