मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और अमेरिका-ईरान से जुड़े घटनाक्रमों के बीच वैश्विक बाजारों में अनिश्चितता बनी हुई है। इसी बीच मंगलवार यानि आज 23 जून को घरेलू सर्राफा और कमोडिटी बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई। सुबह के मुकाबले दोपहर तक दोनों की कीमतों में बड़ा बदलाव देखने को मिला, जिससे खरीदारों को राहत मिली है।
बाजार में कारोबार के दौरान सोने की कीमत में करीब 1,900 रुपये प्रति 10 ग्राम तक की कमी दर्ज की गई, जबकि चांदी के भाव में लगभग 8,000 रुपये प्रति किलोग्राम तक गिरावट देखने को मिली। इससे पहले सोमवार को दोनों कीमती धातुओं में मजबूती का रुख देखा गया था।
राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट सोना करीब 1.46 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार करता दिखाई दिया। वहीं 22 कैरेट और 18 कैरेट सोने के दाम भी नीचे आए। मुंबई, पटना, जयपुर और कानपुर समेत कई प्रमुख शहरों में भी सोने की कीमतें लगभग इसी दायरे में रहीं।
चांदी के बाजार में भी नरमी का माहौल रहा। दिल्ली, मुंबई, पटना और जयपुर जैसे शहरों में चांदी के भाव 2.28 लाख से 2.29 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के बीच दर्ज किए गए। शहरों के अनुसार टैक्स, स्थानीय मांग और अन्य बाजार कारकों के चलते कीमतों में मामूली अंतर देखने को मिला।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में निवेशकों की धारणा और भू-राजनीतिक घटनाक्रमों का असर आने वाले दिनों में भी सोना-चांदी की कीमतों पर देखने को मिल सकता है। ऐसे में निवेशकों और खरीदारों की नजर वैश्विक संकेतों पर बनी हुई है।