लखनऊ/नई दिल्ली, विश्व हिंदी परिषद के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. विपिन कुमार ने पत्र जारी कर श्रीमती दूर्वा तिवारी को विश्व हिंदी परिषद शाखा ऑस्ट्रेलिया का मीडिया प्रभारी मनोनीत किया है।
डॉ. विपिन कुमार ने आशा व्यक्त की कि श्रीमती तिवारी अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए हिंदी को राष्ट्रभाषा एवं विश्व भाषा बनाने की दिशा में उत्कृष्ट कार्य करेंगी।
इस मनोनयन पर विश्व हिंदी परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. डी.पी. मिश्रा ने श्रीमती तिवारी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। विश्व हिंदी परिषद के राष्ट्रीय संपर्क समन्वयक डॉ. नन्दकिशोर साह ने कहा कि हिंदी को देश-दुनिया में फैलाने में श्रीमती दूर्वा जी का योगदान अतुलनीय रहेगा।
विश्व हिंदी परिषद शाखा ऑस्ट्रेलिया की अध्यक्ष श्रीमती मधु खन्ना ने इस मनोनयन का स्वागत करते हुए बताया कि श्रीमती तिवारी बहुआयामी प्रतिभा की धनी हैं।
मूलतः जयपुर, राजस्थान की निवासी श्रीमती दूर्वा तिवारी वर्तमान में ऑस्ट्रेलियाई नागरिक हैं। उन्होंने मास्टर्स ऑफ कंप्यूटर एप्लिकेशन्स (MCA) तक उच्च शिक्षा प्राप्त की है। सेंट्रल इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंजीनियरिंग रिसर्च इंस्टिट्यूट (CSIRO-CEERI) से सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उनकी शुरुआत हुई I डिपार्टमेंट ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एंड कम्युनिकेशन (DOIT&C) और अन्य आई टी कंपनियों में कार्य करने के पश्चात फ्रीलांसर के रूप में वह कार्यरत रहीं हैं I वर्तमान में वह SRF ऑर्गनाइजेशन में अपनी तकनीकी सेवाएं दे रहीं हैं I
तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ हिंदी साहित्य के प्रति उनका गहरा अनुराग है। भाषाओं के प्रति रुचि होने के कारण उन्होंने जर्मन भाषा की औपचारिक शिक्षा प्राप्त की है और गुजराती का भी उन्हें ज्ञान है ।
हिंदी के प्रचार-प्रसार में वे निरंतर सक्रिय हैं। साझा संकलनों, प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं एवं वेबसाइट्स पर उनकी कविताएँ, कहानियाँ, संस्मरण, आलेख, समीक्षाएँ और साक्षात्कार प्रकाशित होते रहते हैं। टेलीविजन कार्यक्रमों, आभासी गोष्ठियों तथा विभिन्न साहित्यिक मंचों पर काव्य-पाठ एवं मंच संचालन में वे दक्ष हैं। भारतीय दूतावास द्वारा आयोजित हिंदी दिवस जैसे कार्यक्रमों के आयोजनों में उनकी सहभागिता उल्लेखनीय रही है।
श्रीमती मधु खन्ना एवं समस्त ऑस्ट्रेलिया शाखा ने श्रीमती दूर्वा तिवारी को नवीन दायित्व के लिए बधाई दी और विश्वास जताया कि उनके अनुभव एवं समर्पण से ऑस्ट्रेलिया में हिंदी का परचम और ऊँचा होगा।