गाजीपुर: पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में CBI को बड़ी सफलता मिली है। जांच एजेंसी ने वाराणसी से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान विनय राय उर्फ पमपम (40) के रूप में हुई है, जो गाजीपुर जिले के देवरिया गांव का निवासी बताया जा रहा है।
CBI टीम ने आरोपी को वाराणसी के CJM कोर्ट में पेश किया, जहां अदालत ने उसे दो दिन की रिमांड पर भेज दिया। रिमांड मिलने के बाद CBI टीम आरोपी को अपने साथ पश्चिम बंगाल लेकर रवाना हो गई।
जांच में सामने आया है कि विनय राय पर हत्या, हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके अलावा वह हथियार तस्करी के एक मामले में तिहाड़ जेल भी जा चुका है।
CBI अब इस हत्याकांड के पीछे साजिश रचने वालों और सुपारी देने वाले लोगों की तलाश में जुटी है। हालांकि अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि आरोपियों को हत्या की सुपारी किसने दी थी। CBI की इस कार्रवाई के बाद मामले में नए खुलासों की उम्मीद बढ़ गई है।