नई दिल्ली: स्वच्छ और ग्रीन सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए दिल्ली सरकार डीटीसी, एनटीपीसी और अन्य संबंधित हितधारकों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए हाइड्रोजन फ्यूल सेल बसों के संचालन की दिशा में आगे बढ़ रही है। यह पहल राजधानी में अगली पीढ़ी की ग्रीन मोबिलिटी व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य दिल्ली की सार्वजनिक परिवहन प्रणाली में उन्नत हाइड्रोजन फ्यूल सेल तकनीक को शामिल करना है, जिससे राजधानी दिल्ली की स्वच्छ गतिशीलता यात्रा को और बल मिलेगा। साथ ही कम उत्सर्जन वाले पर्यावरण के अनुकूल परिवहन समाधानों को अपनाने के प्रयासों को भी मजबूती मिलेगी।
प्रस्तावित ‘इनोवेटिव क्लीन मोबिलिटी फ्रेमवर्क’ के तहत DTC और NTPC के समन्वय से पायलट प्रोजेक्ट के तैर पर दो हाइड्रोजन फ्यूल सेल बसों की प्रारंभिक शुरुआत की जा रही है। इन बसों को ग्रॉस कॉस्ट कॉन्ट्रैक्ट (GCC) मॉडल के तहत चलाने का प्रस्ताव है, जिसमें DTC ऑपरेशनल तैनाती में मदद करेगा। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत स्वीकृत GCC दरों पर होने वाला ऑपरेशनल खर्च DTC उठाएगा, जबकि GCC फ्रेमवर्क से ज़्यादा होने वाले खर्च के लिए NTPC के CSR सहायता फंड और संबंधित एजेंसियों से सलाह-मशविरा करके संचालन व्यवस्थाओं की संभावना तलाशी जा रही है।
इसके साथ ही दिल्ली सरकार DTC, NTPC और अन्य हितधारक राजधानी में हाइड्रोजन फ्यूल सेल बसों का परिचालन शुरू करने के लिए परिचालन संबंधी तौर-तरीकों और एक औपचारिक समझौता ज्ञापन (MoU) को अंतिम रूप देने की दिशा में काम कर रहे हैं।
यह पहल शहरी परिवहन में उभरती हुई स्वच्छ ईंधन तकनीकों को तेज़ी से अपनाने की दिशा में एक सहयोगात्मक दृष्टिकोण को दर्शाती है। हाइड्रोजन फ्यूल सेल बसों को दुनिया भर में उनके ‘ज़ीरो टेलपाइप उत्सर्जन’, उच्च परिचालन दक्षता और बड़े महानगरों की परिवहन प्रणाली के पर्यावरणीय प्रभाव को काफी हद तक कम करने की क्षमता के लिए जानी जाती है।
दिल्ली सरकार माननीय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के कुशल नेतृत्व में राष्ट्रीय राजधानी में सतत शहरी गतिशीलता को और मजबूत करने, स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और सार्वजनिक परिवहन के बुनियादी ढांचे का आधुनिकीकरण करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस विषय पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए दिल्ली के माननीय परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि राजधानी दिल्ली लगातार स्वच्छ और भविष्य के लिए तैयार सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही है। हाइड्रोजन फ्यूल तकनीक हमारी पर्यावरण के अनुकूल जिम्मेदार परिवहन प्रणाली की दिशा में एक बेहद महत्वपूर्ण कदम है। NTPC जैसे संस्थानों के साथ सहयोग के माध्यम से हम उन्नत ‘ज़ीरो-एमिशन’ (शून्य-उत्सर्जन) तकनीकों को अपनाने के लिए नए-नए रास्ते तलाश रहे हैं, जिससे दिल्ली की सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क को और ज्यादा मजबूत करने के साथ-साथ स्वच्छ वायु और हरित भविष्य में भी अपना योगदान देंगी।