नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली का तुगलकाबाद इलाका शुक्रवार तड़के चीख-पुकार से दहल उठा। यहां तारा अपार्टमेंट के पास गली नंबर 1 में स्थित एक पांच मंजिला इमारत में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि इसकी लपटें पांचवीं मंजिल तक पहुंच गईं और पूरी इमारत में जहरीला धुआं फैल गया। हादसे के वक्त ज्यादातर लोग सो रहे थे।
इस हादसे में तीन लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। दमकल विभाग और स्थानीय लोगों की मुस्तैदी से 6 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जिनका सफदरजंग और एम्स ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है।
चश्मदीदों के मुताबिक, आग की शुरुआत ग्राउंड फ्लोर पर बनी पार्किंग से हुई थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पार्किंग में चार्ज हो रहे एक इलेक्ट्रिक स्कूटर में शॉर्ट सर्किट की वजह से यह हादसा हुआ। इसके बाद वहां खड़ी गाड़ियों की टंकियों में एक-एक करके जोरदार ब्लास्ट होने लगे।
आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिला। पड़ोसियों ने बताया कि उन्होंने ग्रिल काटकर और साड़ियों को रस्सी बनाकर कुछ लोगों को पीछे के रास्ते से नीचे उतारा। इस हादसे में पार्किंग में खड़ी तीन स्कूटी, दो बाइक और एक साइकिल पूरी तरह जलकर खाक हो गई हैं।
दमकल विभाग को तड़के करीब 2:35 बजे हादसे की कॉल मिली थी। संकरी गली होने के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मौके पर पहुंचने और राहत कार्य शुरू करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
जब दमकल कर्मी इमारत के अंदर दाखिल हुए, तो सीढ़ियों पर घना धुआं भरा था। जान बचाने के लिए लोग छत की तरफ भागे, लेकिन छत का दरवाजा बंद था। फायर फाइटर्स ने तुरंत छत का ताला तोड़ा और वहां फंसी दो लड़कियों समेत अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह 3:45 बजे आग पर काबू पाया जा सका।