नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने ACP विवेक भगत को एडिशनल DCP का करेंट ड्यूटी चार्ज (CDC) देने के आदेश में बदलाव कर दिया है। 3 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान एक महिला पत्रकार के साथ कथित बदसलूकी और यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद यह फैसला लिया गया है। मामले की जांच पूरी होने तक विवेक भगत एडिशनल DCP का चार्ज नहीं संभालेंगे।
महिला पत्रकारों की ओर से पुलिस अधिकारियों पर लगाए गए आरोपों को लेकर पिछले तीन दिनों से पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने के बाहर प्रदर्शन भी किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि आरोपों के संबंध में FIR दर्ज कर मामले की निष्पक्ष जांच की जाए।
दिल्ली सरकार के अनुसार, केंद्र शासित प्रदेशों के 12 पुलिस अधिकारियों को एडिशनल DCP का करेंट ड्यूटी चार्ज देने की प्रक्रिया 25 अगस्त से चल रही थी। सरकार का कहना है कि यह प्रक्रिया 3 अक्टूबर की घटना से पहले शुरू हो चुकी थी। 5 अक्टूबर को मंजूरी मिलने के बाद 12 अधिकारियों की सूची जारी की गई थी।
हालांकि, विवाद सामने आने के बाद ACP विवेक भगत ने खुद कहा कि महिला पत्रकारों से जुड़े कथित उत्पीड़न के मामले की पूरी जांच होने तक वह एडिशनल DCP का चार्ज नहीं लेना चाहते। इसके बाद सरकार ने पहले जारी आदेश में बदलाव करने का फैसला किया।
अब बाकी 11 अधिकारियों के लिए CDC का आदेश दोबारा जारी किया जाएगा।
दिल्ली सरकार ने स्पष्ट किया है कि करेंट ड्यूटी चार्ज किसी अधिकारी की नियमित पदोन्नति नहीं है। यह केवल अस्थायी प्रशासनिक व्यवस्था होती है। CDC मिलने से अधिकारी को कोई अतिरिक्त आर्थिक लाभ भी नहीं मिलता।
सरकार के मुताबिक, CDC पाने वाला अधिकारी उस पद पर नियमित रूप से नियुक्त अधिकारी के सभी वैधानिक अधिकारों का इस्तेमाल नहीं कर सकता। इसके अलावा वेतन, वरिष्ठता और अन्य नियमित सेवा लाभों पर भी इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ता।
यह मामला 3 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हुए प्रदर्शन से जुड़ा है। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयोग के कामकाज और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन किया था।
इसी दौरान तीन महिला पत्रकारों ने दिल्ली पुलिस के अधिकारियों पर कथित यौन उत्पीड़न और बदसलूकी के आरोप लगाए। इनमें से एक महिला पत्रकार ने आरोप लगाया कि ACP विवेक भगत ने उनके सीने पर हाथ मारा।
आरोपों के बाद मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। अब जांच पूरी होने तक विवेक भगत को एडिशनल DCP का चार्ज नहीं दिए जाने का निर्णय लिया गया है।