वडोदरा: गुजरात के वडोदरा से सुबह-सुबह एक बेहद दुखद और बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ के कोटांबी स्टेडियम के पास बुधवार सुबह एक स्लीपर लग्जरी बस और ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में एक 9 साल के बच्चे समेत 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 31 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ‘बालाजी ट्रैवल्स’ की यह लग्जरी स्लीपर बस राजस्थान के बांसवाड़ा से सवारियों को लेकर गुजरात के सूरत की तरफ जा रही थी। वडोदरा के पास सड़क किनारे एक ट्रक खड़ा था। रफ्तार तेज होने के कारण बस सीधे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और कई यात्री सीटों के बीच और मलबे में बुरी तरह फंस गए।
हादसे की चीख-पुकार सुनते ही स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े। मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एनडीआरएफ (NDRF), एसडीआरएफ (SDRF) और वडोदरा फायर विभाग की टीमों को मौके पर बुलाया गया। गैस कटर और आधुनिक क्रेन की मदद से बस की बॉडी को काटकर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए वडोदरा के एसएसजी (SSG) अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे के चलते हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिसे खुलवाने में स्थानीय पुलिस जुटी है।
2 जून को सूरत के बारडोली में भी हुआ था ऐसा ही हादसा
गुजरात में हाल के दिनों में यह दूसरा बड़ा बस हादसा है। इससे पहले बीते 2 जून को सूरत के बारडोली के पास दो तेज रफ्तार बसों की आमने-सामने की टक्कर में 7 लोगों की मौत हो गई थी और 10 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। उस हादसे में टक्कर के बाद एक बस पलट गई थी और उसमें भीषण आग लग गई थी।