गुरुग्राम की कंपनी में बड़ा हादसा

केमिकल टैंक की सफाई करने उतरे 3 कर्मचारियों की जहरीली गैस से मौत, प्रबंधन पर केस दर्ज गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। भोंडसी थाना क्षेत्र के जेल रोड पर धुमसपुर गांव के पास स्थित संधार टेक्नोलॉजी कंपनी में बुधवार दोपहर केमिकल टैंक […]

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • November 12, 2026 8:34 am IST, Published 16 seconds ago

केमिकल टैंक की सफाई करने उतरे 3 कर्मचारियों की जहरीली गैस से मौत, प्रबंधन पर केस दर्ज

गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। भोंडसी थाना क्षेत्र के जेल रोड पर धुमसपुर गांव के पास स्थित संधार टेक्नोलॉजी कंपनी में बुधवार दोपहर केमिकल टैंक की सफाई के दौरान तीन कर्मचारियों की जहरीली गैस की चपेट में आने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तीनों कर्मचारी टैंक के अंदर सफाई करने उतरे थे। वहां मौजूद जहरीली गैस के कारण वे बेहोश हो गए। घटना के बाद कंपनी में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही से मौत की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बिना सुरक्षा उपकरणों के टैंक में उतारे गए कर्मचारी

मृतकों की पहचान बादशाहपुर निवासी 56 वर्षीय नरेश यादव, बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के पिपराहा गांव निवासी 21 वर्षीय मोहम्मद आरिफ और नवादा जिले के बरनामा गांव निवासी 46 वर्षीय अनिल झा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरिफ धुमसपुर और अनिल झा मारुति कुंज इलाके में किराये पर रह रहे थे।

परिजनों ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि तीनों कर्मचारियों को बिना किसी सुरक्षा उपकरण और जरूरी इंतजाम के जहरीले केमिकल व गैस से भरे टैंक की सफाई के लिए अंदर उतारा गया था। सफाई के दौरान टैंक में मौजूद जहरीली गैस के संपर्क में आने से तीनों की हालत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए।

कंपनी के अन्य कर्मचारियों ने उन्हें किसी तरह टैंक से बाहर निकाला और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

छुट्टी करने पर टैंक सफाई की ड्यूटी देने का आरोप

इस घटना के बाद मृतक नरेश यादव के परिवार ने कंपनी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि नरेश ने घटना से एक दिन पहले छुट्टी ली थी। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर बुधवार को उन्हें काम पर बुलाया गया और केमिकल टैंक की सफाई का जिम्मा सौंप दिया गया।

परिवार ने कंपनी के मैनेजर धीरज गुप्ता और सुरेश पर भी आरोप लगाए हैं। परिजनों का दावा है कि कर्मचारियों को खतरनाक काम पर लगाने से पहले न तो पर्याप्त सुरक्षा उपकरण दिए गए और न ही जहरीली गैस की मौजूदगी के बारे में जरूरी सावधानी बरती गई।

परिवार ने मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। उनका यह भी आरोप है कि घटना की जानकारी मिलने पर कंपनी की ओर से उन्हें हादसे की सही परिस्थितियों के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।

वेल्डर और पेंटर के रूप में करते थे काम

पुलिस के मुताबिक, संधार टेक्नोलॉजी कंपनी में ऑटो पार्ट्स का निर्माण किया जाता है। नरेश यादव वर्ष 2021 से कंपनी में वेल्डर के पद पर काम कर रहे थे, जबकि मोहम्मद आरिफ और अनिल झा पेंटर के रूप में कार्यरत थे।

घटना की सूचना तीनों कर्मचारियों के परिवारों को दे दी गई है। गुरुवार को परिजनों के गुरुग्राम पहुंचने के बाद उनके बयान दर्ज किए जाने की बात कही गई है।

एफएसएल और क्राइम सीन टीम ने की जांच

हादसे की सूचना मिलते ही भोंडसी थाना पुलिस के साथ एफएसएल और क्राइम सीन टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि टैंक के भीतर कौन सी जहरीली गैस मौजूद थी और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।

बादशाहपुर के एसीपी कुलदीप कुमार के अनुसार, मामले में शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। संबंधित लोगों से पूछताछ के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। टैंक और बंद स्थानों की सफाई जैसे जोखिम भरे कामों में गैस की जांच, उचित सुरक्षा उपकरण और प्रशिक्षित कर्मचारियों की तैनाती बेहद जरूरी होती है। अब जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि कंपनी में इन सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं।

Advertisement