• होम
  • महाराष्ट्र
  • बस चुराई, शहरभर दौड़ाई… और आखिर में डिवाइडर से टकराई’, पुणे में सनसनीखेज मामला

बस चुराई, शहरभर दौड़ाई… और आखिर में डिवाइडर से टकराई’, पुणे में सनसनीखेज मामला

पुणे : रोजमर्रा की भागदौड़ से भरे पुणे शहर में शुक्रवार को एक अजीब और चौंकाने वाली घटना सामने आई सीधे पीएमपीएमएल बस ही चोरी हो गई! कुछ समय के लिए शहर की यातायात व्यवस्था और नागरिकों की धड़कनें बढ़ा देने वाले इस मामले पर आखिरकार पुलिस ने समय रहते काबू पाते हुए आरोपी को गिरफ्तार […]

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • April 25, 2026 11:55 pm IST, Published 43 minutes ago

पुणे : रोजमर्रा की भागदौड़ से भरे पुणे शहर में शुक्रवार को एक अजीब और चौंकाने वाली घटना सामने आई सीधे पीएमपीएमएल बस ही चोरी हो गई! कुछ समय के लिए शहर की यातायात व्यवस्था और नागरिकों की धड़कनें बढ़ा देने वाले इस मामले पर आखिरकार पुलिस ने समय रहते काबू पाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब ढाई बजे पीएमसी–वाघोली–पीएमसी रूट की बस डिपो में खड़ी थी।

चालक को दूसरी बस में ड्यूटी लगने के कारण उसने चाबी बस में ही छोड़ दी और वहां से चला गया। इसी मौके का फायदा उठाकर एक अज्ञात व्यक्ति बस में घुसा और बस लेकर फरार हो गया। इसके बाद शुरू हुआ एक रोमांचकारी सफर… आरोपी ने बस को डेक्कन इलाके में घुमाते हुए नटराज पुल तक पहुंचाया और वहां से गुडलक चौक की ओर रॉन्ग साइड में बस चलाने लगा। सड़क पर अचानक सामने से आती बस को देखकर वाहन चालक और पैदल यात्री घबरा गए। कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस बीच, नियंत्रण खोने के कारण बस डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर जमा लोगों ने चालक को देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। इस घटना के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस उपायुक्त कृषीकेश रावले ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि बस चालक ने चाबी अंदर ही छोड़ दी थी, जिसका फायदा उठाकर एक व्यक्ति बस लेकर चला गया। नटराज पुल से गुडलक कैफे तक उसने रॉन्ग साइड में गाड़ी चलाई। इससे सड़क पर बाधाएं उत्पन्न हुईं और अंत में बस डिवाइडर से टकरा गई।

सौभाग्य से इस घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ है। आगे उन्होंने बताया कि आरोपी की गाड़ी चलाने की शैली देखकर उसका मानसिक संतुलन बिगड़ा हुआ नहीं लगता। फिर भी उसकी मेडिकल जांच कराई जाएगी। इस मामले में डेक्कन पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। इस पूरी घटना से कुछ समय के लिए शहर में डर और भ्रम की स्थिति जरूर पैदा हुई, लेकिन पुलिस की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। एक छोटी सी लापरवाही से हुई यह घटना शहर के लिए एक बड़ा सबक बनकर सामने आई है।

Advertisement