गुवाहाटी। असम पुलिस ने गुवाहाटी में दो अलग-अलग अभियानों के दौरान बिना वैध यात्रा दस्तावेजों के भारत में प्रवेश करने के आरोप में 18 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है। इनमें 13 लोगों को बुधवार और पांच लोगों को मंगलवार को पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को मिली विशेष सूचना के आधार पर गुवाहाटी के एक होटल में छापेमारी की गई। इस दौरान चार महिलाओं और पांच बच्चों समेत 13 बांग्लादेशी नागरिक पकड़े गए। बताया गया कि ये सभी बुधवार सुबह दिल्ली से गुवाहाटी पहुंचे थे और बांग्लादेश लौटने की तैयारी में थे।
पूछताछ के दौरान हिरासत में लिए गए लोगों ने पुलिस को बताया कि वे पिछले 14-15 वर्षों से जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर स्थित पंथाचौक इलाके के आसपास कथित तौर पर अवैध रूप से रह रहे थे। श्रीनगर पुलिस की कार्रवाई के बाद वे गुवाहाटी पहुंचे थे।
इससे एक दिन पहले असम पुलिस ने गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए लोकमान्य तिलक टर्मिनल एक्सप्रेस से चार महिलाओं समेत पांच लोगों को पकड़ा था। पुलिस के मुताबिक, इन सभी ने मेघालय की सीमा के रास्ते भारत में प्रवेश किया था।
पुलिस ने बांग्लादेशी नागरिकों को गुवाहाटी में ठहराने और उनकी यात्रा में मदद करने के आरोप में होटल मालिक समेत चार अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार, हिरासत में लिए गए बांग्लादेशी नागरिकों को देश से निष्कासित करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ये लोग भारत में कब और किन परिस्थितियों में दाखिल हुए तथा उनकी यात्रा में किन लोगों ने सहायता की।