नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने मंगलवार को 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 के आधिकारिक शुभंकर ‘मयूर’ का अनावरण किया। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने चैंपियनशिप के बहुप्रतीक्षित आधिकारिक ट्रेलर को भी लॉन्च किया। शुभंकर ‘मयूर’ के प्रतीकात्मक महत्व पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आधिकारिक शुभंकर ‘मयूर’ भारत के राष्ट्रीय पक्षी से प्रेरित है, जो ऊर्जा, उत्साह, जीवंतता और सकारात्मकता का संचार करता है। विशेष बात यह है कि मयूर के पंखों में इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी देशों के राष्ट्रीय ध्वजों को खूबसूरती से पिरोया गया है, जो ‘वसुधैव कुटुंबकम’ और खेल भावना के वैश्विक संदेश को दर्शाता है।
नई दिल्ली स्थित द ललित होटल में आयोजित इस भव्य समारोह में दिल्ली के शिक्षा मंत्री श्री आशीष सूद, टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (टीटीएफआई), कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस फेडरेशन के पदाधिकारी, विभिन्न देशों के प्रतिनिधि, खिलाड़ी, खेल जगत से जुड़े गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित थे।
वैश्विक खेल मानचित्र पर दिल्ली की मजबूत दावेदारी
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली को इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी मिलने पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि यह आयोजन राष्ट्रीय राजधानी की आधुनिक खेल इंफ्रास्ट्रक्चर, बेजोड़ संगठन क्षमता और वैश्विक खेलों के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता का जीवंत प्रमाण है। एशियाई खेलों से लेकर राष्ट्रमंडल खेलों तक, दिल्ली का इतिहास सफल और भव्य आयोजनों का साक्षी रहा है। दिल्ली सरकार का संकल्प हमारे युवाओं को विश्वस्तरीय सुविधाएँ और अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करना है ताकि दिल्ली को देश की अग्रणी ‘खेल राजधानी’ के रूप में स्थापित किया जा सके। उन्होंने कहा कि भारत की टीम घरेलू मैदान पर प्रतियोगिता में प्रबल दावेदार के रूप में उतरेगी और देश के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और क्षमता का प्रदर्शन करते हुए राष्ट्र का गौरव बढ़ाएंगे। यह प्रतियोगिता भारतीय खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रतिस्पर्धा का अनुभव प्रदान करेगी और युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस अवसर पर आयोजन समिति, खेल विभाग, टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया, स्वयंसेवकों और सभी सहयोगी संस्थाओं को बधाई देते हुए कहा कि दिल्ली एक बार फिर दुनिया के सामने अपनी खेल संस्कृति, उत्कृष्ट अवसंरचना और आतिथ्य की मिसाल पेश करने के लिए तैयार है। उन्होंने सभी प्रतिभागी देशों और खिलाड़ियों का राजधानी में स्वागत करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएँ दीं।
27 जुलाई से त्यागराज स्टेडियम में शुरू होगा मुकाबला
इस सात दिवसीय खेल महाकुंभ का आयोजन 27 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक नई दिल्ली के अत्याधुनिक त्यागराज स्टेडियम में किया जाएगा। इस चैंपियनशिप में कॉमनवेल्थ के 25 से अधिक देशों के शीर्ष पैडलर्स हिस्सा ले रहे हैं। इनमें इंग्लैंड, कनाडा, न्यूजीलैंड, नाइजीरिया, सिंगापुर, स्कॉटलैंड, वेल्स, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, मलेशिया, माल्टा, बोत्सवाना, जमैका, केन्या और त्रिनिदाद एवं टोबैगो सहित कई देश शामिल हैं। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले 2 अगस्त को खेले जाएंगे।
इस अवसर पर दिल्ली के शिक्षा मंत्री श्री आशीष सूद ने मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह अपने व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद दिल्ली के खिलाड़ियों, खेल पारिस्थितिकी तंत्र और खेल संस्कृति को निरंतर प्रोत्साहित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में दिल्ली सरकार खेलों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस फेडरेशन के अध्यक्ष श्री विवेक कोहली, शिक्षा विभाग के अतिरिक्त निदेशक श्री नितिन जिंदल, टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, गणमान्य अतिथियों और खेल प्रेमियों का स्वागत किया।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि आज का दिन केवल कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 के आधिकारिक शुभंकर ‘मयूर’ के अनावरण का अवसर नहीं है, बल्कि यह दिल्ली के खेल भविष्य के लिए एक नई दृष्टि के उद्घाटन का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि दिल्ली केवल भारत की राजधानी ही नहीं, बल्कि देश की ‘स्पोर्ट्स कैपिटल’ और भविष्य में वैश्विक खेल केंद्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि इस चैंपियनशिप में 25 कॉमनवेल्थ देशों के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। यह प्रतियोगिता दिल्ली के लिए अंतिम लक्ष्य नहीं, बल्कि एक बड़ी यात्रा की शुरुआत है।
शिक्षा एवं खेल मंत्री ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार भविष्य के कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स, विश्व चैंपियनशिप और अन्य बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी के लिए राजधानी को तैयार कर रही है। सरकार का उद्देश्य केवल खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करना नहीं, बल्कि एक मजबूत और विश्वस्तरीय खेल पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण करना है। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस विकसित करने जा रही है। इनमें तैराकी, एथलेटिक्स, कुश्ती और टेबल टेनिस जैसे खेल शामिल होंगे। ये सेंटर ऑफ एक्सीलेंस केवल प्रशिक्षण केंद्र नहीं होंगे, बल्कि दिल्ली की भावी खेल प्रतिभाओं को तैयार करने वाली मजबूत खेल पाइपलाइन के रूप में कार्य करेंगे।