रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित संजय नगर (मदनी चौक) में एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों में पति-पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान साजिद अली (50), उनकी पत्नी राबिया, बेटे इरशाद अली (19), बेटी शाहिदा (17) और इरशाबा बेगम (16) के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में साजिद अली का शव फंदे से लटका मिला, जबकि पत्नी और तीनों बच्चों के शव कमरे में पड़े मिले। पुलिस ने बताया कि मृतकों के मुंह और नाक से झाग निकल रहा था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उन्होंने किसी विषैले पदार्थ का सेवन किया हो। हालांकि मौत के सही कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
जानकारी के अनुसार, परिवार पिछले आठ महीनों से इस मकान में किराए पर रह रहा था। पड़ोसियों ने बताया कि गुरुवार शाम से घर का दरवाजा अंदर से बंद था और काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर उन्हें संदेह हुआ। अंदर झांकने पर शव दिखाई दिए, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, साजिद अली मौदहापारा क्षेत्र में बैटरी रिपेयरिंग का काम करते थे। बताया जा रहा है कि परिवार पर बैंक का कर्ज था और रिकवरी एजेंट अक्सर वसूली के लिए घर आते थे। आर्थिक तंगी के चलते पति-पत्नी के बीच विवाद होने की बात भी सामने आई है। हालांकि पुलिस ने इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है।
घटना के बाद इलाके में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिसे नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने मकान को सील कर दिया है और फोरेंसिक टीम साक्ष्य जुटाने में लगी है।
सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए डॉ. भीमराव आंबेडकर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।