• होम
  • देश
  • गुजरात और असम में बाढ़ का कहर

गुजरात और असम में बाढ़ का कहर

96 लोगों की मौत, लाखों प्रभावित; पीएम मोदी ने लिया हालात का जायजा नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। सबसे ज्यादा असर गुजरात और असम में देखने को मिल रहा है, जहां बाढ़ और बारिश से अब तक 96 लोगों […]

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • July 26, 2026 6:48 am IST, Published 2 hours ago

96 लोगों की मौत, लाखों प्रभावित; पीएम मोदी ने लिया हालात का जायजा

नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। सबसे ज्यादा असर गुजरात और असम में देखने को मिल रहा है, जहां बाढ़ और बारिश से अब तक 96 लोगों की मौत हो चुकी है। गुजरात में पिछले दो दिनों में 35 लोगों की जान गई है, जबकि असम में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 61 पहुंच गई है।

गुजरात में रिकॉर्ड बारिश, हजारों लोगों का रेस्क्यू

गुजरात के राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र के अनुसार, शनिवार सुबह छह बजे तक पिछले 24 घंटों में राज्य के सभी 34 जिलों में बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक बारिश पाटन जिले के संतालपुर तालुका में 381 मिमी और राधनपुर में 342 मिमी रिकॉर्ड की गई। वहीं वाव-थराद के भाभर क्षेत्र में 287 मिमी वर्षा हुई।

राज्य के 173 तालुकाओं में 250 मिमी से अधिक बारिश होने के कारण कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में एनडीआरएफ की 18 और एसडीआरएफ की 32 टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। कई संवेदनशील इलाकों में सेना को भी तैनात किया गया है।

अब तक 42 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, जबकि पिछले कुछ दिनों में 7 हजार से ज्यादा लोगों का सफल रेस्क्यू किया गया है।

गर्भवती महिलाओं को नाव से अस्पताल पहुंचाया

अहमदाबाद के ढोलका तालुका में बाढ़ में फंसे 103 लोगों को एनडीआरएफ ने सुरक्षित निकाला। वहीं नवसारी जिले के गांवों से 120 लोगों का रेस्क्यू किया गया और 43 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

भेटावाडा गांव में एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा होने पर एनडीआरएफ की टीम ने नाव के जरिए उसे 108 एंबुलेंस तक पहुंचाया, जिसके बाद सुरक्षित अस्पताल में भर्ती कराया गया। इससे पहले भी अहमदाबाद के दो गांवों से गर्भवती महिलाओं को समय रहते अस्पताल पहुंचाकर सुरक्षित प्रसव कराया गया।

सौराष्ट्र में रेड अलर्ट, नर्मदा बांध 68% भरा

मौसम विभाग ने साबरकांठा, बनासकांठा, पाटण, मेहसाणा, सुरेंद्रनगर और मोरबी जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं दक्षिण गुजरात में बारिश की तीव्रता कुछ कम हुई है। लगातार वर्षा के चलते सरदार सरोवर नर्मदा बांध 68 प्रतिशत से अधिक भर चुका है।

असम में 7 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित

असम में बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है। राज्य के 9 जिलों में 7.05 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं और अब तक 61 लोगों की मौत हो चुकी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से फोन पर बात कर हालात की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री ने हरसंभव केंद्रीय सहायता का भरोसा दिया है और राहत व पुनर्वास कार्यों में पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया है।

पालघर में बाढ़ पीड़ितों को आर्थिक सहायता

महाराष्ट्र के पालघर जिले में हाल ही में आई बाढ़ में 20 लोगों की मौत हुई थी। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को राहत राशि देने की प्रक्रिया तेज कर दी है। अब तक 12 पात्र परिवारों को 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि स्वीकृत की गई है, जबकि 8 परिवारों को कुल 32 लाख रुपये की सहायता दी जा चुकी है।

बाढ़ में बहा हाथी सुरक्षित बचाया गया

नगालैंड की पहाड़ियों से बहकर असम पहुंचे 53 वर्षीय पालतू हाथी को वन विभाग और पशु चिकित्सा टीम ने सुरक्षित बचा लिया। इलाज के बाद हाथी को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है। असम के वन मंत्री जयंत मल्ला बरुआ ने राहत दलों की सराहना करते हुए कहा कि बाढ़ के दौरान इंसानों के साथ-साथ वन्यजीवों और पालतू जानवरों को बचाने के लिए भी लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

Advertisement