भिंड/ग्वालियर। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात एक भीषण सड़क हादसे में 8 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 32 लोग घायल हो गए। हादसा भिंड-ग्वालियर नेशनल हाईवे-719 पर छीमका गांव के पास हुआ, जहां मजदूरों से भरी तेज रफ्तार पिकअप की सामने से आ रहे डंपर से जोरदार टक्कर हो गई।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना रात करीब 1 बजे हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हाईवे पर बैठे गायों के झुंड को बचाने के प्रयास में पिकअप अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे डंपर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप में सवार कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
पिकअप में सवार सभी मजदूर उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वे मध्य प्रदेश में धान की रोपाई के काम के लिए आए थे। काम पूरा होने के बाद सभी मजदूर पिकअप से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान छीमका गांव के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही गोहद चौराहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल गोहद अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल मजदूरों को प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है।
हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों के शवों को मोर्चरी में रखा गया है। पुलिस मृतकों की पहचान और उनके परिजनों से संपर्क करने की प्रक्रिया में जुटी है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।