नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में CNG के दाम एक बार फिर बढ़ गए हैं। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने CNG की कीमत में ₹3.89 प्रति किलो की बढ़ोतरी की है। नई कीमत शनिवार सुबह 6 बजे से लागू होगी। इसके बाद दिल्ली में CNG की कीमत ₹83.09 से बढ़कर ₹86.98 प्रति किलो हो जाएगी। इस साल CNG के दाम में यह पांचवीं बढ़ोतरी है।
CNG की कीमत बढ़ने का सीधा असर दिल्ली-NCR में ऑटो, टैक्सी, बस और माल ढुलाई करने वाले वाहनों पर पड़ने की संभावना है। इससे यात्रियों के किराए और परिवहन लागत पर भी असर पड़ सकता है।
नई दर लागू होने के बाद नोएडा और गाजियाबाद में CNG की कीमत ₹95.59 प्रति किलो हो गई है। वहीं मेरठ में ₹95.47 और गुरुग्राम में ₹92.01 प्रति किलो की दर से CNG मिलेगी।
CNG की कीमतें अलग-अलग राज्यों और शहरों में अलग होती हैं। इसकी एक प्रमुख वजह राज्यों में लागू अलग-अलग वैट (VAT) दरें हैं।
IGL के मुताबिक, CNG की कीमत बढ़ाने के पीछे सबसे बड़ी वजह LNG की बढ़ती आयात लागत, अंतरराष्ट्रीय गैस कीमतों में तेजी और घरेलू स्तर पर CNG की बढ़ती मांग है।
कंपनी ने बताया कि पश्चिम एशिया में जारी संकट का असर LNG की सप्लाई और माल ढुलाई पर पड़ा है। होर्मुज स्ट्रेट के जरिए LNG की आपूर्ति प्रभावित होने से वैश्विक बाजार में गैस की कीमतों पर दबाव बढ़ा है। संकट से पहले की तुलना में वैश्विक LNG कीमतें करीब दोगुनी हो गई हैं।
इसके अलावा यूरोप में सर्दियों से पहले गैस का भंडारण बढ़ाने की जरूरत के कारण भी अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस की मांग और कीमतों पर दबाव बढ़ा है।
IGL के अनुसार, भारत में CNG की मांग लगातार बढ़ रही है। इस मांग को पूरा करने के लिए इनपुट गैस का एक बड़ा हिस्सा आयातित स्पॉट LNG के जरिए पूरा किया जा रहा है।
महंगी LNG और घरेलू मांग में बढ़ोतरी के कारण कंपनी की इनपुट गैस लागत बढ़ गई है। इसी बढ़ी हुई लागत के असर को कम करने के लिए IGL ने CNG की कीमत में ₹3.89 प्रति किलो की वृद्धि की है।
इससे पहले मई में पश्चिम एशिया के संघर्ष के दौरान अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा कीमतों में तेजी के बीच IGL ने महज 10 दिनों के भीतर चार चरणों में CNG के दाम कुल ₹6 प्रति किलो बढ़ाए थे।
अब एक बार फिर कीमत बढ़ने से दिल्ली-NCR के CNG वाहन चालकों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। हालांकि, IGL का कहना है कि कीमत में बढ़ोतरी के बावजूद CNG पेट्रोल और डीजल जैसे दूसरे ईंधनों की तुलना में उपभोक्ताओं के लिए अभी भी किफायती विकल्प बनी हुई है।