लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की प्रमुख और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने देश में बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र सरकार को सलाह दी है। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में आम जनता पहले से ही आर्थिक दबाव में है और ऐसे में पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों पर नियंत्रण बनाए रखना बेहद जरूरी है। मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा कि देश में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में एक बार में करीब 993 रुपये की बढ़ोतरी और इससे आम जनजीवन पर पड़ने वाले असर की खबरें लगातार सुर्खियों में हैं। उन्होंने कहा कि इस बढ़ोतरी से आम लोगों की चिंता और बढ़ गई है। उन्होंने आगे लिखा कि रसोई गैस, पेट्रोल और डीज़ल समेत अन्य पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में संभावित बढ़ोतरी को लेकर जनता में बेचैनी का माहौल है। आम परिवारों के बजट पर इसका सीधा असर पड़ता है, जिससे जीवन-यापन और कठिन हो जाता है।
बसपा प्रमुख ने यह भी कहा कि चाहे अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियाँ हों, जैसे ईरान को लेकर अमेरिका और इज़राइल के बीच तनाव, या कोई अन्य वैश्विक कारण, सरकार ने अब तक पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों को काफी हद तक नियंत्रित रखा है। उन्होंने कहा कि यह नियंत्रण विशेषकर चुनावी समय में और भी सख्ती से देखा गया है। मायावती ने केंद्र सरकार से अपील करते हुए कहा कि जनता की भलाई को ध्यान में रखते हुए जरूरी है कि पेट्रोलियम उत्पादों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों को स्थिर रखा जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण ही आम जनता को राहत दे सकता है और देश की आर्थिक स्थिरता के लिए भी यह जरूरी है।