धोनी के आईपीएल से संन्यास लेने की चर्चा काफी समय से चल रही थी। आईपीएल 2026 में वह पिंडली की चोट के कारण एक भी मुकाबला नहीं खेल पाए थे। इसके बावजूद उनकी लोकप्रियता में कोई कमी नहीं आई। चेन्नई के मुकाबलों के दौरान प्रशंसक उनकी एक झलक पाने के लिए स्टेडियम पहुंचते रहे। मैदान पर उनकी गैरमौजूदगी के बावजूद फैंस को उम्मीद थी कि वह एक बार फिर पीली जर्सी पहनकर खेलते दिखाई देंगे। लेकिन अब उनके फैसले ने इन उम्मीदों पर विराम लगा दिया है।
धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स को एक सफल टीम बनाने में अहम भूमिका निभाई है। उनकी कप्तानी में फ्रेंचाइजी ने 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में आईपीएल खिताब जीते। साल 2023 में उन्होंने चेन्नई को पांचवीं बार चैंपियन बनाया था। इसके बाद उन्होंने कप्तानी की जिम्मेदारी रुतुराज गायकवाड़ को सौंप दी थी। धोनी का मानना रहा है कि टीम में नए खिलाड़ियों को नेतृत्व का अवसर मिलना चाहिए। अब मेंटॉर के रूप में वह अगली पीढ़ी के क्रिकेटरों को तैयार करने में योगदान देंगे।
धोनी का आईपीएल सफर भी कई उतार-चढ़ाव से भरा रहा है। चेन्नई सुपर किंग्स पर जब दो साल का प्रतिबंध लगा था, तब उन्होंने 2016 और 2017 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट की ओर से खेला था। इसके बाद चेन्नई की वापसी होने पर वह फिर अपनी पुरानी टीम से जुड़ गए। उन्होंने अपनी कप्तानी, विकेटकीपिंग और बल्लेबाजी से फ्रेंचाइजी को नई पहचान दिलाई। दबाव की परिस्थितियों में शांत रहकर फैसले लेने की उनकी क्षमता ने उन्हें आईपीएल के सबसे प्रभावशाली कप्तानों में शामिल किया।
OFFICIAL ANNOUNCEMENT 🦁💛
A once-in-a-lifetime player.
A new role. A bond that lasts forever 💛
Mahendra Singh Dhoni takes charge as the Team Mentor of Chennai Super Kings!
Through countless victories, challenging times, and memories that will stay in our hearts forever, MS has been at the heart of our journey from the very beginning.
From leading us to glory to guiding the next generation of Super Kings, Thala will always be a part of our identity. And Chennai will always be his home.
Read more : https://t.co/YKsoHYE51A
#WhistlePodu
— Chennai Super Kings (@ChennaiIPL) November 17, 2026
उनके व्यक्तिगत प्रदर्शन की बात करें तो धोनी ने आईपीएल में कुल 278 मुकाबले खेले। इस दौरान उन्होंने 38.3 की औसत और 137.46 के स्ट्राइक रेट से 5,439 रन बनाए। उनके नाम आईपीएल में शतक दर्ज नहीं है, लेकिन उन्होंने कई महत्वपूर्ण पारियां खेलकर टीम को जीत दिलाई। उनका सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर 84 रन रहा है। आईपीएल में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में भी वह शीर्ष खिलाड़ियों में शामिल हैं।
धोनी के नए पद को लेकर चेन्नई सुपर किंग्स के प्रबंधन ने भी खुशी जाहिर की है। फ्रेंचाइजी के मालिक एन. श्रीनिवासन ने उनके साथ लंबे जुड़ाव को याद करते हुए कहा कि धोनी की पहचान चेन्नई सुपर किंग्स से अलग नहीं की जा सकती। वहीं, टीम प्रबंधन का मानना है कि उनका अनुभव आने वाले वर्षों में खिलाड़ियों के विकास और टीम की रणनीति बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
आईपीएल 2027 में धोनी भले ही विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में मैदान पर नहीं उतरेंगे, लेकिन टीम के साथ उनकी मौजूदगी प्रशंसकों के लिए खास बनी रहेगी। अब देखना होगा कि मेंटॉर के रूप में उनका अनुभव चेन्नई सुपर किंग्स को एक और खिताब दिलाने में कितना मददगार साबित होता है। फिलहाल इतना तय है कि धोनी का खिलाड़ी के रूप में आईपीएल सफर समाप्त हो गया है, लेकिन चेन्नई के साथ उनकी नई पारी शुरू होने जा रही है।