बुलंदशहर में यूपी STF का बड़ा एक्शन

दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा के ऑफिस के बाहर हत्या करने वाला शूटर नसीम दुर्रानी एनकाउंटर में ढेर बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में यूपी STF और दिल्ली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कुख्यात शूटर नसीम दुर्रानी मारा गया। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। आरोप है कि नसीम ने चार दिन […]

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • November 20, 2026 8:19 am IST, Published 17 minutes ago

दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा के ऑफिस के बाहर हत्या करने वाला शूटर नसीम दुर्रानी एनकाउंटर में ढेर

बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में यूपी STF और दिल्ली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कुख्यात शूटर नसीम दुर्रानी मारा गया। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। आरोप है कि नसीम ने चार दिन पहले दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा के कार्यालय के बाहर एक युवक की गोली मारकर हत्या की थी। घटना के बाद से ही पुलिस और STF उसकी तलाश में जुटी थीं।

पुलिस के मुताबिक, STF और दिल्ली पुलिस को सूचना मिली थी कि नसीम दुर्रानी बुलंदशहर में छिपा हुआ है और वहां से फरार होने की तैयारी कर रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने बुधवार देर रात करीब एक बजे सिकंदराबाद थाना क्षेत्र में उसकी घेराबंदी की। इस दौरान नसीम बाइक से भागने की कोशिश कर रहा था।

पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोप है कि उसने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिसकर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ से करीब 15 से 20 राउंड गोलियां चलीं। मुठभेड़ के दौरान नसीम को दो गोलियां लगीं और वह जमीन पर गिर पड़ा।

पुलिस टीम उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके से एक बाइक और .32 बोर की दो पिस्टल बरामद की गई हैं।

26 मुकदमों में था आरोपी, चार हत्या के मामले

नसीम दुर्रानी मूल रूप से गाजियाबाद का रहने वाला था। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में कुल 26 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। इनमें हत्या के चार मामले भी शामिल थे। वह लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय था और पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, नसीम के संबंध अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील से भी रहे थे। वर्ष 2017 में छोटा शकील ने कथित तौर पर उसे तिहाड़ जेल में बंद छोटा राजन की हत्या की सुपारी दी थी। इसके अलावा उस पर पाकिस्तानी मूल के लेखक तारिक फतेह की हत्या की साजिश रचने का आरोप भी लगा था।

बाइक से भाग रहा था शूटर, पुलिस ने की घेराबंदी

नोएडा STF के एडिशनल एसपी राजकुमार मिश्रा के मुताबिक, नसीम दुर्रानी बाइक से भागने की कोशिश कर रहा था। STF और दिल्ली पुलिस की टीम ने उसे घेर लिया। खुद को पुलिस से घिरा देखकर उसने गोलीबारी शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें उसे गोली लगी।

मुठभेड़ के बाद घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। बरामद हथियारों और अन्य सबूतों की जांच की जा रही है।

दिल्ली में हत्या के बाद से चल रही थी तलाश

दिल्ली में मंत्री कपिल मिश्रा के कार्यालय के बाहर युवक की हत्या के बाद नसीम दुर्रानी पुलिस के निशाने पर था। इस वारदात को अंजाम देने के बाद उसके फरार होने से पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश कर रही थीं। आखिरकार बुलंदशहर में उसकी लोकेशन मिलने के बाद STF और दिल्ली पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया।

इस कार्रवाई के बाद दिल्ली में हुई हत्या के मामले की जांच में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है। अब जांच एजेंसियां नसीम के आपराधिक नेटवर्क, उसके संपर्कों और हत्या की वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर सकती हैं।

Advertisement