कोलकाता। पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य के सभी मदरसों में कक्षाएं शुरू होने से पहले प्रार्थना सभा के दौरान राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ गाना अनिवार्य कर दिया है। मदरसा शिक्षा निदेशालय की ओर से इस संबंध में तत्काल प्रभाव से आदेश जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार यह नियम राज्य के सभी सरकारी मॉडल मदरसों, सरकारी सहायता प्राप्त मदरसों, मान्यता प्राप्त गैर सहायता प्राप्त मदरसों, एमएसके और एसएसके संस्थानों में लागू होगा। निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि पूर्व में जारी सभी आदेश और प्रथाएं अब निरस्त मानी जाएंगी।
अल्पसंख्यक कार्य एवं मदरसा शिक्षा विभाग के मंत्री खुदीराम टुडू ने कहा कि राज्य के कई सरकारी स्कूलों में संथाली भाषा में पढ़ाई होती है और वहां पहले से ही ‘वंदे मातरम्’ गाया जाता है। ऐसे में मदरसों में इसे लागू करने में किसी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए।
इससे पहले 13 मई को राज्य शिक्षा विभाग ने भी सभी सरकारी स्कूलों में प्रार्थना सभा के दौरान ‘वंदे मातरम्’ गाना अनिवार्य करने की अधिसूचना जारी की थी। बाद में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर इस अधिसूचना को साझा किया था।
शिक्षा विभाग की अधिसूचना में कहा गया था कि राज्य के सभी स्कूलों में कक्षाएं शुरू होने से पहले प्रार्थना सभा में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन अनिवार्य रहेगा।