• होम
  • देश
  • भीषण गर्मी की चपेट में उत्तर भारत, दिल्ली-यूपी में हीटवेव का रेड अलर्ट

भीषण गर्मी की चपेट में उत्तर भारत, दिल्ली-यूपी में हीटवेव का रेड अलर्ट

नई दिल्ली। उत्तर भारत इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। राजधानी दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और पहाड़ी राज्यों में तापमान लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है। मौसम विभाग ने अगले कई दिनों तक राहत मिलने की संभावना से इनकार करते हुए कई इलाकों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया […]

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • May 21, 2026 9:26 am IST, Published 6 hours ago

नई दिल्ली। उत्तर भारत इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। राजधानी दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और पहाड़ी राज्यों में तापमान लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है। मौसम विभाग ने अगले कई दिनों तक राहत मिलने की संभावना से इनकार करते हुए कई इलाकों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।

उत्तर प्रदेश का बांदा लगातार चौथे दिन दुनिया के सबसे गर्म शहरों में शामिल रहा। बुधवार को यहां अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मंगलवार को तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। प्रदेश के एक दर्जन से अधिक जिलों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है।

मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट और उसके बाद ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। गुरुवार और शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के 11 जिलों में लू को लेकर रेड अलर्ट घोषित किया गया है। लखनऊ, प्रयागराज, झांसी, हमीरपुर, चित्रकूट, आगरा, कानपुर, वाराणसी और फतेहपुर समेत कई शहरों में सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है।

स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष महेश पलावत के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से राजस्थान के थार रेगिस्तान और मध्य पाकिस्तान से आने वाली उत्तर-पश्चिमी गर्म हवाएं दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों को झुलसा रही हैं। शुष्क इलाकों से गुजरते हुए ये हवाएं और अधिक गर्म हो जाती हैं, जिससे दिन और रात दोनों का तापमान लगातार बढ़ रहा है।

उन्होंने बताया कि रात के समय भी तापमान अधिक बना रहने से जमीन को गर्मी छोड़ने का पर्याप्त समय नहीं मिल पा रहा है। यही वजह है कि लोगों को रात में भी उमस और गर्मी से राहत नहीं मिल रही। अगले सप्ताह तक इसी तरह की स्थिति बनी रहने की संभावना है।

इस बार नौतपा तोड़ सकता है गर्मी के रिकॉर्ड

25 मई से सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करेगा और इसके शुरुआती नौ दिनों को नौतपा कहा जाता है। मान्यता है कि इस दौरान सूर्य का प्रभाव सबसे अधिक होता है और गर्मी अपने चरम पर पहुंच जाती है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार नौतपा के दौरान तापमान नए रिकॉर्ड बना सकता है।

पहाड़ों में भी बढ़ा गर्मी का प्रकोप

मैदानी इलाकों के साथ-साथ पहाड़ी राज्यों में भी गर्मी और लू का असर दिखाई दे रहा है। जम्मू-कश्मीर के कठुआ में अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हिमाचल प्रदेश के ऊना में पारा 44 डिग्री तक पहुंच गया। शिमला में 30.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ इस सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया।

उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में भी गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। देहरादून समेत कई इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

Advertisement