चंडीगढ़ : पंजाब निकाय चुनाव 2026 के नतीजों में आम आदमी पार्टी (AAP) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य की राजनीति में अपनी मजबूत पकड़ का संकेत दिया है। 8 नगर निगमों, 75 नगर परिषदों और 20 नगर पंचायतों के लिए हुए चुनावों की मतगणना में AAP ने 900 से अधिक वार्डों में बढ़त और जीत दर्ज कर विपक्षी दलों को बड़ा झटका दिया है।
प्रारंभिक और घोषित परिणामों के अनुसार AAP ने कई शहरी निकायों में स्पष्ट बढ़त बनाई हुई है। पार्टी ने रामदास नगर काउंसिल, करतारपुर नगर परिषद, भाई रूपा नगर पंचायत और बरनूर नगर पंचायत सहित अनेक क्षेत्रों में प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। कई स्थानों पर कांग्रेस, भाजपा और शिरोमणि अकाली दल को अपेक्षा से कम सफलता मिली है।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार इस बार निकाय चुनावों में कुल 63.94 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। नगर पंचायतों में 76.18 प्रतिशत, नगर परिषदों में 65.06 प्रतिशत तथा नगर निगमों में 59.91 प्रतिशत मतदान हुआ, जो मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी को दर्शाता है।
अब तक सामने आए आंकड़ों के अनुसार AAP सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत बनकर उभरी है। कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल कई क्षेत्रों में दूसरे स्थान पर रहे, जबकि भाजपा का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर दिखाई दिया। कुछ वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी जीत दर्ज कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है।
रामदास नगर काउंसिल में 11 में से 10 सीटों पर AAP उम्मीदवार विजयी रहे। वहीं जालंधर जिले की करतारपुर नगर परिषद में पार्टी ने 15 में से 9 वार्ड जीतकर अपना दबदबा कायम रखा। बरनूर नगर पंचायत में AAP ने सभी वार्डों में जीत हासिल कर क्लीन स्वीप किया, जबकि भाई रूपा नगर पंचायत में 4 में से 3 वार्ड उसके खाते में गए।
नतीजों के बीच शिरोमणि अकाली दल ने कुछ स्थानों पर चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए हैं और धांधली के आरोप लगाए हैं। हालांकि निर्वाचन आयोग की ओर से चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बताया गया है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अगले वर्ष प्रस्तावित विधानसभा चुनावों से पहले निकाय चुनाव के ये परिणाम बेहद महत्वपूर्ण हैं। AAP की बढ़त जहां सरकार के प्रति जनता के विश्वास को दर्शाती है, वहीं विपक्षी दलों के लिए यह आत्ममंथन का विषय बन गया है।
फिलहाल मतगणना जारी है और अंतिम परिणाम आने तक आंकड़ों में बदलाव संभव है, लेकिन शुरुआती तस्वीर साफ संकेत दे रही है कि पंजाब के शहरी क्षेत्रों में AAP ने मजबूत जनाधार कायम रखा है।