• होम
  • बिहार
  • बेतिया में ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों को बस ने रौंदा, 5 की मौत

बेतिया में ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों को बस ने रौंदा, 5 की मौत

बेटे की छठी मना रहे पिता की भी गई जान बेतिया। बिहार के बेतिया में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा लौरिया थाना क्षेत्र में बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग पर पराउ टोला बनकटवा के पास हुआ। तेज रफ्तार यात्री […]

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • August 22, 2026 9:03 pm IST, Published 15 minutes ago

बेटे की छठी मना रहे पिता की भी गई जान

बेतिया। बिहार के बेतिया में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा लौरिया थाना क्षेत्र में बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग पर पराउ टोला बनकटवा के पास हुआ। तेज रफ्तार यात्री बस सड़क किनारे चल रहे ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम में जा घुसी और वहां मौजूद लोगों को रौंद दिया।

हादसा रात करीब 11 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि बस में करीब 15 यात्री सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

ट्रक से बचने के दौरान बेकाबू हुई बस

जानकारी के मुताबिक, यात्री बस गोरखपुर से बेतिया की ओर जा रही थी। बगहा-लौरिया मुख्य मार्ग पर सामने से तेज रफ्तार ट्रक आ रहा था। बस चालक ने ट्रक से टक्कर बचाने के लिए बस को मोड़ दिया।

इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण बस अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम के टेंट में जा घुसी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। बस की चपेट में आने से पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

बेटे की छठी की खुशियां मातम में बदलीं

हादसे में देवेंद्र दुबे की भी मौत हो गई। 15 अगस्त को उनके बेटे का जन्म हुआ था। शुक्रवार रात बच्चे की छठी का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। परिवार ने भोज के साथ ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम का भी आयोजन किया था, जिसमें गांव के लोगों और रिश्तेदारों समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे।

देवेंद्र दुबे पेशे से ड्राइवर थे। उनके परिवार में तीन बेटियां और दो बेटे हैं। पांचवें बच्चे के जन्म की खुशी में आयोजित कार्यक्रम कुछ ही देर में मातम में बदल गया।

पांच मृतकों की पहचान

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान लौरिया थाना क्षेत्र के बनकटवा निवासी बहादुर महतो, संजय कुमार, भोला दुबे, देवेंद्र दुबे और छांगुर राम के रूप में हुई है।

हादसे में 12 से अधिक लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

हादसे के बाद लोगों का हंगामा

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने बस और ट्रक में तोड़फोड़ की। कार्यक्रम में लगी कुर्सियां भी तोड़ दी गईं। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने स्थिति को संभाला।

प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की गई है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है और बस चालक समेत घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।

Advertisement