अदाणी पोर्ट्स ने दिवाला प्रक्रिया के तहत जेपी फर्टिलाइजर्स एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड का 100 प्रतिशत अधिग्रहण कर लिया है। यह सौदा 1,500 करोड़ रुपये नकद में पूरा किया गया है। इस कदम के साथ गौतम अदाणी के नेतृत्व वाला अदाणी समूह अब खाद और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ गया है।
जेपी फर्टिलाइजर्स एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड के पास कानपुर में लगभग 243 एकड़ भूमि मौजूद है। अदाणी समूह इस जमीन पर लॉजिस्टिक्स पार्क और वेयरहाउसिंग सुविधाएं विकसित करने की योजना बना रहा है। इससे उत्तर भारत में कंपनी की माल परिवहन और भंडारण क्षमता को मजबूती मिलेगी।
कंपनी का लक्ष्य वर्ष 2031 तक अपने मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्कों की संख्या 12 से बढ़ाकर 16 करना है। माना जा रहा है कि यह अधिग्रहण उत्तर भारत में सप्लाई चेन नेटवर्क को और मजबूत बनाने की रणनीति का हिस्सा है।
जेपी फर्टिलाइजर्स के ऋण समाधान प्रस्ताव को इसी वर्ष मार्च में मंजूरी मिली थी, जिसके बाद अधिग्रहण प्रक्रिया आगे बढ़ी। इस सौदे को भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग की स्वीकृति भी प्राप्त हो चुकी है।