रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर बुधवार को एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। दिल्ली से रायपुर पहुंची एक यात्री विमान की लैंडिंग के दौरान बर्ड हिट की घटना सामने आई। विमान रनवे पर उतर रहा था, तभी एक पक्षी उसके हिस्से से टकरा गया। घटना के बाद एयरपोर्ट प्रशासन और तकनीकी टीम तुरंत सक्रिय हो गई और सुरक्षा जांच शुरू कर दी गई।
अधिकारियों के अनुसार, विमान को सुरक्षित रूप से पार्किंग एरिया तक पहुंचाया गया, जहां उसकी विस्तृत तकनीकी जांच की गई। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्री और क्रू सदस्य पूरी तरह सुरक्षित रहे और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना के बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल और एयरपोर्ट प्रबंधन ने सुरक्षा मानकों के तहत रनवे और विमान की जांच कराई। जांच प्रक्रिया के चलते कुछ समय के लिए उड़ान संचालन प्रभावित रहा। इसके कारण रायपुर से रवाना होने वाली कई उड़ानों के समय में बदलाव करना पड़ा और कुछ उड़ानें करीब दो घंटे तक विलंबित रहीं।
हालांकि सुरक्षा मंजूरी मिलने के बाद विमानन सेवाएं सामान्य कर दी गईं, लेकिन इस दौरान यात्रियों को एयरपोर्ट पर अतिरिक्त इंतजार करना पड़ा। एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक प्रक्रियाओं का पालन किया गया।