भोपाल: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 18 से 22 जून तक मध्य प्रदेश और ओडिशा के दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वह सामाजिक, स्वास्थ्य, शिक्षा, जनजातीय सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भाग लेंगी।
18 जून को राष्ट्रपति मध्य प्रदेश में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित ‘आध्यात्मिक जागृति द्वारा जनजातीय समाज का सशक्तिकरण’ कार्यक्रम में शामिल होंगी।
19 जून को वह ओम्कारेश्वर में अंतरराष्ट्रीय सिकल सेल दिवस समारोह में भाग लेंगी। इसके बाद राष्ट्रपति ओडिशा के रायरंगपुर पहुंचकर एम्स भुवनेश्वर के चिकित्सा शिविर, खनन प्रभावित गांवों के लिए वृहत ग्रामीण नल जल आपूर्ति योजना, ब्रह्माकुमारी संस्था के मातृशक्ति भवन तथा विशेष सर्किट हाउस और पुलिस जिला रायरंगपुर का उद्घाटन करेंगी।
20 जून को राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहाड़पुर में विभिन्न विकास परियोजनाओं, विद्यालय और कौशल केंद्र का दौरा करेंगे। दोनों नेता लाभार्थियों और बच्चों से संवाद भी करेंगे तथा रायरंगपुर में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होंगे।
21 जून को राष्ट्रपति जबलपुर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह में भाग लेंगी। इसके बाद वह रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के 36वें दीक्षांत समारोह में शामिल होकर विद्यार्थियों को संबोधित करेंगी।
22 जून को राष्ट्रपति कूनो राष्ट्रीय उद्यान का दौरा करेंगी, जहां वह सहरिया जनजाति के सदस्यों, चीता ट्रैकर्स, टूरिस्ट गाइड्स और कूनो फील्ड टीम के साथ संवाद करेंगी। राष्ट्रपति का यह दौरा जनजातीय विकास, स्वास्थ्य जागरूकता, शिक्षा, योग और वन्यजीव संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर केंद्रित रहेगा।