• होम
  • नज़रिया
  • टॉफी की मीठास के आवरण में लिपटी वैश्विक राजनीति

टॉफी की मीठास के आवरण में लिपटी वैश्विक राजनीति

समकालीन विश्व-राजनीति के परिदृश्य में कूटनीति अब केवल शक्ति, संधि और सामरिक हितों का औपचारिक अनुशासन नहीं रह गई है | वह धीरे-धीरे प्रतीकों, सांस्कृतिक संकेतों और दृश्य-अनुभवों की संरचना में रूपांतरित हो चुकी है। इसी संदर्भ में प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी द्वारा इटली की प्रधानमन्त्री जॉर्जिया मेलोनी को भेंट किया गया “मेलोडी” टॉफी का साधारण-सा […]

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • May 20, 2026 3:44 pm IST, Published 2 months ago

समकालीन विश्व-राजनीति के परिदृश्य में कूटनीति अब केवल शक्ति, संधि और सामरिक हितों का औपचारिक अनुशासन नहीं रह गई है | वह धीरे-धीरे प्रतीकों, सांस्कृतिक संकेतों और दृश्य-अनुभवों की संरचना में रूपांतरित हो चुकी है। इसी संदर्भ में प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी द्वारा इटली की प्रधानमन्त्री जॉर्जिया मेलोनी को भेंट किया गया “मेलोडी” टॉफी का साधारण-सा पैकेट एक सामान्य उपहार नहीं, बल्कि आधुनिक कूटनीति की सांकेतिक भाषा का अत्यंत सूक्ष्म और अर्थगर्भित रूपक प्रतीत होता है।

वह टॉफी अपने भौतिक अस्तित्व में जितनी नगण्य थी, अपने सांस्कृतिक अर्थों में उतनी ही व्यापक। “मेलोडी” और “मेलोनी” के ध्वन्यात्मक साम्य ने एक क्षणिक विनोद को वैश्विक राजनीतिक विमर्श में परिवर्तित कर दिया। यहाँ वस्तु का महत्व उसकी उपयोगिता में नहीं, बल्कि उसकी प्रतीकात्मक प्रतिध्वनि में निहित  हो गया । यह घटना इस तथ्य को उद्घाटित करती है कि इक्कीसवीं सदी की कूटनीति अब शब्दों से अधिक संकेतों में, और नीतियों से अधिक दृश्यात्मक स्मृतियों में पढ़ी और समझी जाने लगी है।

मौजूदा दौर की राजनीति ने वस्तुओं को अर्थों के वाहक में बदल दिया है। अब उपहार केवल उपहार नहीं रहते, वे सांस्कृतिक संकेत, मनोवैज्ञानिक समीपता और सार्वजनिक भावनाओं के विन्यास का माध्यम बन जाते हैं। वह टॉफी कैरेमल से अधिक एक ऐसा संकेत, जिसने औपचारिक राजनय को मानवीय सहजता का स्पर्श दिया और शक्ति-राजनीति को सौम्य सांस्कृतिक अभिनय में रूपांतरित कर दिया।

यह आधुनिक कूटनीति का वह चरण है जहाँ राष्ट्राध्यक्ष केवल राज्य के प्रतिनिधि नहीं, बल्कि दृश्य-सभ्यता के प्रतीकात्मक पात्र बन चुके हैं। उनकी मुस्कानें, उनकी देह-भाषा, उनके साझा क्षण और यहाँ तक कि उनके द्वारा चुनी गई साधारण वस्तुएँ भी वैश्विक अर्थ-निर्माण की प्रक्रिया का हिस्सा बन जाती हैं। अंतरराष्ट्रीय संबंध अब केवल गोपनीय वार्ताओं और राजकीय दस्तावेज़ों में नहीं, बल्कि कैमरे की फ्रेमबद्ध स्मृतियों और सोशल मीडिया की सामूहिक चेतना में भी निर्मित होते हैं।

आज की कूटनीति “प्रतीकों की सत्ता” का नया अध्याय है। शक्ति अब केवल सैन्य सामर्थ्य या आर्थिक प्रभुत्व से निर्धारित नहीं होती |  वह इस क्षमता से भी निर्मित होती है कि कोई राष्ट्र स्वयं को किस प्रकार सांस्कृतिक रूप से दृश्य और भावनात्मक रूप से ग्रहणीय बनाता है। इस युग में वही संकेत प्रभावशाली है जो व्यापक रूप से साझा किया जाए, वही घटना ऐतिहासिक है जो जन-स्मृति में दृश्यात्मक रूप से अंकित हो सके, और वही कूटनीति सफल मानी जाती है जो राजनीतिक औपचारिकता को मानवीय अनुभव में रूपांतरित कर दे।

विश्व-राजनीति की सबसे सूक्ष्म शक्तियाँ हथियारों या घोषणापत्रों में नहीं, बल्कि उन प्रतीकों में निहित होती है, जो जनता की सामूहिक चेतना में भावनात्मक सत्य का रूप ले सके। और तब शायद एक साधारण-सी “मेलोडी” टॉफी इस तथ्य का उदाहरण बने कि कभी-कभी इतिहास अपने सबसे गहरे अर्थ अत्यंत मामूली वस्तुओं के भीतर छिपाकर रखता है।

जब उपहार, संदेशों से अधिक अर्थपूर्ण हो उठें और मुस्कानें समझौतों से अधिक प्रभावशाली प्रतीत होने लगें, तब प्रतीकों की राजनीति और मिठास का वैश्विक दर्शन जन्म लेता है। वहाँ रैपर, राजनयिक दस्तावेज़ों से अधिक असरकारी हो जाता है, क्योंकि मनुष्य की स्मृति पर सबसे गहरी छाप अक्सर शक्ति नहीं, बल्कि आत्मीयता के वे सूक्ष्म संकेत छोड़ते हैं, जो हृदय को बिना शोर के स्पर्श कर जाते हैं।

Tags

india PM Modi
Advertisement