गुवाहाटी। असम के काजीरंगा में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 लोगों की मौत हो गई। यहां तेज रफ्तार मिनी बस और कंटेनर ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत कई लोगों की जान चली गई। असम सरकार के मंत्री और बोकाखाट से विधायक अतुल बोरा ने दुर्घटना में 26 लोगों की मौत की पुष्टि की है।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मिनी बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस में सवार कई यात्री अंदर ही फंस गए थे। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची बचाव टीम ने काफी मशक्कत के बाद बस को काटकर शवों और घायलों को बाहर निकाला। हालांकि, बस में कुल कितने यात्री सवार थे, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
गोलाघाट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वप्निल डेका ने बताया कि मिनी बस बोकाखाट से नगांव की ओर जा रही थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बस काफी तेज रफ्तार में थी। इसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से उसकी सीधी टक्कर हो गई।
हादसे के बाद घायलों को कोहोरा मॉडल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
मिनी बस के खिलाफ पहले भी कट चुके थे 12 चालान
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, हादसे का शिकार हुई मिनी बस के खिलाफ पहले भी यातायात नियमों के उल्लंघन के 12 चालान जारी किए जा चुके थे। इनमें से 38,500 रुपये का जुर्माना जमा किया गया था, जबकि 4,000 रुपये का एक चालान अब भी बकाया था। बताया जा रहा है कि व्यावसायिक वाहनों की तेज रफ्तार पर भी जुर्माना लगाया जाता है। इस जानकारी के सामने आने के बाद वाहन की पुरानी गतिविधियों और यातायात नियमों के पालन को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
प्रधानमंत्री ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये की सहायता
हादसे पर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुर्घटना में लोगों की मौत पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिवार को दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। वहीं, हादसे में घायल लोगों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे।
असम में सड़क हादसों का गंभीर आंकड़ा
केंद्र सरकार के आंकड़ों के अनुसार, असम में वर्ष 2020 से 2024 के बीच सड़क दुर्घटनाओं में 15,306 लोगों की मौत हुई। वर्ष 2024 में सबसे अधिक 3,351 लोगों ने सड़क हादसों में जान गंवाई। इससे पहले 2023 में 3,296 और 2022 में 2,994 लोगों की मौत दर्ज की गई थी।
काजीरंगा की यह दुर्घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े करती है। तेज रफ्तार, लापरवाही और नियमों की अनदेखी लगातार लोगों की जान ले रही है। ऐसे में जरूरी है कि वाहनों की गति पर नियंत्रण, नियमित जांच और यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।