दुर्गापुर। अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी मामले की जांच के तहत राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने सोमवार सुबह पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में एक संदिग्ध के घर पर छापेमारी की। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और सुरक्षा व्यवस्था के लिए स्थानीय पुलिस को भी मौके पर तैनात किया गया।
जानकारी के अनुसार, एनआईए की टीम ने न्यू स्टील पार्क (मेन गेट) क्षेत्र स्थित गुलाम जामा के आवास पर तलाशी अभियान चलाया। छापेमारी में एक महिला अधिकारी सहित कुल छह अधिकारी शामिल थे।
तलाशी के दौरान टीम ने घर में मौजूद लोगों से पूछताछ की और कई दस्तावेजों तथा इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की। हालांकि, कार्रवाई के संबंध में एनआईए ने फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, गुलाम जामा मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर का निवासी है। वह पिछले कुछ वर्षों से दुर्गापुर में रह रहा था और पहले सऊदी अरब सहित अन्य देशों में भी काम कर चुका है।
सुबह-सुबह एनआईए की टीम के पहुंचने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों में हलचल मच गई। सूचना मिलने पर दुर्गापुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी नेटवर्क से जुड़े मामले की जांच का हिस्सा है। एनआईए इस मामले के विभिन्न पहलुओं की गहन जांच कर रही है। फिलहाल एजेंसी ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि छापेमारी के दौरान क्या-क्या बरामद हुआ और आगे की कार्रवाई क्या होगी।
एनआईए की आधिकारिक जानकारी आने के बाद मामले में और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।