चंबा/भरमौर: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। चंबा-मसरूंड मार्ग पर देर रात एक बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर करीब 1200 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस दिल दहला देने वाले हादसे में गाड़ी में सवार सभी 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक ही परिवार के 6 लोग शामिल हैं, जबकि सातवां मृतक गाड़ी का ड्राइवर था। सभी लोग एक बच्चे के मुंडन संस्कार से लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह काल का ग्रास बन गए।
मिली जानकारी के अनुसार, मेहल गांव का यह परिवार बुधवार रात को काकड़ोथा गांव में आयोजित एक मुंडन संस्कार में शामिल होने गया था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद सभी लोग बोलेरो गाड़ी (नंबर: HP-01C-2581) से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मसरूंड के पास चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी सीधे गहरी खाई में जा गिरी। खाई इतनी गहरी थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।
हादसा देर रात सुनसान इलाके में होने के कारण किसी को भी इसकी भनक नहीं लग सकी। गुरुवार सुबह जब स्थानीय लोगों ने खाई में गाड़ी के मलबे को देखा, तब जाकर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
ह्यूमन चेन बनाकर निकाले गए शव: खाई इतनी गहरी और संकरी थी कि शवों को मुख्य सड़क तक लाना बेहद चुनौतीपूर्ण था। स्थानीय लोगों और पुलिस कर्मियों ने एक-दूसरे का हाथ पकड़कर ‘ह्यूमन चेन’ (मानव श्रृंखला) बनाई और भारी मशक्कत के बाद सभी 7 शवों को खाई से बाहर निकाला।
इस दर्दनाक हादसे में दो सगे भाई और एक पति-पत्नी समेत निम्नलिखित लोगों ने अपनी जान गंवाई है:
चुनी लाल (65) – मेहल गांव
देवी लाल (62) – मेहल गांव (चुनी लाल के सगे भाई)
मोती राम (45) – मेहल गांव
बबली देवी (45) – मेहल गांव (मोती राम की पत्नी)
कुंता देवी (53) – मेहल गांव
अनिता कुमारी (20) – मेहल गांव
मनोहर लाल (34) – धरो गांव (गाड़ी का ड्राइवर)
चंबा के पुलिस अधीक्षक (SP) विजय कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में 3 महिलाओं और 4 पुरुषों समेत कुल 7 लोगों की मौत हुई है। हादसा देर रात होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन सुबह शुरू किया जा सका। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है, जिसके बाद इन्हें परिजनों को सौंप दिया जाएगा। फिलहाल प्रशासन हादसे के असली कारणों का पता लगाने में जुटा है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।