• होम
  • दिल्ली/NCR
  • मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘सक्षम’ योजना के अंतर्गत शिक्षा और तकनीक से जुड़ी कई महत्वपूर्ण पहलों का किया शुभारंभ

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘सक्षम’ योजना के अंतर्गत शिक्षा और तकनीक से जुड़ी कई महत्वपूर्ण पहलों का किया शुभारंभ

नई दिल्ली : दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने गुरुवार को शालामार गांव स्थित राजकीय बालिका सीनियर माध्यमिक विद्यालय में लाडली फाउंडेशन द्वारा हनीवेल टेक्नोलॉजी के सीएसआर सहयोग से चलाए जा रहे ‘सक्षम’ कार्यक्रम के तहत कई आधुनिक सुविधाओं का उद्घाटन किया। इनमें एआई इंटीग्रेटेड स्मार्ट स्कूल टॉयलेट, स्टेम इनोवेशन लैब, आधुनिक कंप्यूटर लैब, […]

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • July 9, 2026 10:00 pm IST, Published 1 hour ago

नई दिल्ली : दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने गुरुवार को शालामार गांव स्थित राजकीय बालिका सीनियर माध्यमिक विद्यालय में लाडली फाउंडेशन द्वारा हनीवेल टेक्नोलॉजी के सीएसआर सहयोग से चलाए जा रहे ‘सक्षम’ कार्यक्रम के तहत कई आधुनिक सुविधाओं का उद्घाटन किया। इनमें एआई इंटीग्रेटेड स्मार्ट स्कूल टॉयलेट, स्टेम इनोवेशन लैब, आधुनिक कंप्यूटर लैब, स्मार्ट डिजिटल क्लासरूम और छात्राओं के स्वास्थ्य व जागरूकता से जुड़े विशेष कार्यक्रम शामिल हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नए भारत की मजबूत नींव आधुनिक, वैज्ञानिक और तकनीक आधारित शिक्षा से ही तैयार होगी। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में नई शिक्षा नीति, डिजिटल शिक्षा, कौशल विकास, विज्ञान और इनोवेशन को निरंतर बढ़ावा दिया जा रहा है। दिल्ली सरकार भी इसी दृष्टि के अनुरूप सरकारी विद्यालयों में आधुनिक अधोसंरचना विकसित कर रही है, जिससे प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण एवं तकनीक आधारित शिक्षा उपलब्ध हो सके।

Gauravshali Bharat

एआई इंटीग्रेटेड स्मार्ट स्कूल टॉयलेट का शुभारंभ

इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विद्यालय परिसर में स्थापित एआई-इंटीग्रेटेड स्मार्ट स्कूल टॉयलेट का उद्घाटन किया। यह अत्याधुनिक सुविधा विशेष रूप से छात्राओं की सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य और गरिमा को ध्यान में रखते हुए विकसित की गई है। इन स्मार्ट शौचालयों में आधुनिक सेंसर आधारित निगरानी प्रणाली, स्वच्छता मॉनिटरिंग, जल संरक्षण और बेहतर रखरखाव जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे छात्राओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सम्मानजनक वातावरण प्राप्त होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा और स्वास्थ्य एक-दूसरे से जुड़े हुए विषय हैं और बेहतर स्वच्छता सुविधाएं विद्यालयों में उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

स्टेम इनोवेशन लैब से मिलेगा भविष्य की तकनीकों का प्रशिक्षण

मुख्यमंत्री ने विद्यालय में स्थापित अत्याधुनिक स्टेम (STEM) इनोवेशन लैब का भी उद्घाटन किया। इन प्रयोगशालाओं में छात्राओं को रोबोटिक्स, एआई, कोडिंग, आईओटी, स्पेस साइंस, इलेक्ट्रॉनिक्स, डिजाइन थिंकिंग और इनोवेशन आधारित प्रैक्टिकल लर्निंग की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। स्टेम लैब शिक्षा विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, समस्या समाधान क्षमता, रचनात्मकता और नवाचार की भावना विकसित करेगी। इन सुविधाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को डिजिटल कंटेंट, स्मार्ट बोर्ड, इंटरैक्टिव शिक्षण सामग्री, कंप्यूटर आधारित प्रशिक्षण और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों का लाभ मिलेगा।

छात्राओं के स्वास्थ्य एवं गरिमा को मिला नया संबल

कार्यक्रम के अंतर्गत लगभग 3,000 छात्राओं के लिए व्यापक स्वास्थ्य कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया गया। इस पहल के तहत छात्राओं का मेडिकल चेक अप, आई स्क्रीनिंग, आवश्यकता अनुसार निःशुल्क चश्मों का वितरण, डिवार्मिंग अभियान और मेंस्ट्रुअल हाइजीन अवेयरनेस सेशन आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे छात्राओं के स्वास्थ्य, पोषण एवं आत्मविश्वास को मजबूत किया जा सके।

छात्राएं सीखेंगी स्पेस साइंस, अमेरिका में मिलेगा प्रशिक्षण

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कार्यक्रम के दौरान स्टेम इनोवेशन लैब में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को अमेरिका के अलबामा राज्य में स्थित यूनाइटेड स्टेट्स स्पेस एंड रॉकेट सेंटर (यूएसएआरसी) में आयोजित प्रतिष्ठित स्पेस साइंस प्रोग्राम के लिए चयनित होने पर बधाई दी। उन्होंने चयनित विद्यार्थियों को अमेरिका की हवाई यात्रा का टिकट प्रदान करते हुए कहा कि दिल्ली की बेटियां अब वैश्विक मंच पर विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह उपलब्धि हजारों अन्य छात्राओं को भी विज्ञान एवं अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

शालीमार बाग में पावर इंफ्रास्ट्रक्चर का होगा आधुनिकीकरण

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कार्यक्रम के दौरान शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र में पावर इंफ्रास्ट्रक्चर के आधुनिकीकरण के लिए विभिन्न विकास कार्यों का भी शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने टाटा पावर-डीडीएल (टीपीडीडीएल) द्वारा क्षेत्र में वर्षों से संचालित खुली बिजली की तारों को सुरक्षित इंसुलेटेड (एबी) केबलों एवं भूमिगत विद्युत लाइनों में परिवर्तित करने की परियोजना का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इसके अंतर्गत 33 केवी एवं 11 केवी की ओवरहेड बिजली लाइनों का चरणबद्ध तरीके से भूमिगतकरण और इंसुलेटेड केबलों में परिवर्तन किया जाएगा। परियोजना के पहले चरण में क्लब रोड, भगवान महावीर मार्ग, स्वामी श्रद्धानंद सरस्वती मार्ग (केला गोदाम रोड), शहीद ऊधम सिंह मार्ग, के. एल. बग्गा मार्ग और महर्षि दयानंद मार्ग (एएल मार्केट रोड) सहित अनेक प्रमुख मार्गों पर कार्य प्रारंभ किया जा रहा है।

इलेक्ट्रिक प्राइमरी वेस्ट कलेक्शन टिपर वाहनों को दिखाई हरी झंडी

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कार्यक्रम के दौरान स्वच्छ, हरित एवं प्रदूषण मुक्त दिल्ली के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए नगर निगम के 137 अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक प्राइमरी वेस्ट कलेक्शन टिपर वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि इन इलेक्ट्रिक कचरा संग्रहण वाहनों को केशवपुरम जोन में 37, रोहिणी जोन में 46, नरेला जोन में 24 और सिविल लाइंस जोन में 30 वाहनों के रूप में तैनात किया जाएगा। इन वाहनों के संचालन से घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी और नागरिकों को स्वच्छता सेवाएं और बेहतर ढंग से उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

Advertisement