बॉलीवुड की कल्ट रोमांटिक फिल्मों में गिनी जाने वाली ‘रहना है तेरे दिल में’ (RHTDM) आज भी दर्शकों के दिलों में खास जगह रखती है। आर. माधवन और दीया मिर्जा की इस डेब्यू फिल्म का संगीत और कहानी आज भी लोगों को पसंद आती है। हालांकि अब इस फिल्म की शूटिंग से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा सामने आया है, जिसे सुनकर फैंस हैरान रह गए हैं।
एक्ट्रेस और डांसर डेजी शाह ने हाल ही में एक इंटरव्यू में फिल्म की शूटिंग के दिनों को याद करते हुए बताया कि उस समय इंडस्ट्री में आज जैसी लग्जरी सुविधाएं नहीं थीं। डेजी शाह उस फिल्म में बैकग्राउंड डांसर थीं और उन्होंने शूटिंग के दौरान हुई कई मुश्किलों का जिक्र किया।
डेजी शाह ने बताया कि ‘रहना है तेरे दिल में’ की शूटिंग के लिए पूरी टीम साउथ अफ्रीका गई थी। उस दौरान सेट पर वैनिटी वैन की सुविधा नहीं थी। यहां तक कि बड़े स्टार्स को भी कपड़े बदलने के लिए दूसरी जगहों का सहारा लेना पड़ता था।

उन्होंने खुलासा किया कि दीया मिर्जा को कई बार पास के मॉल में जाकर आउटफिट बदलने पड़ते थे। डेजी ने कहा, “उस समय न तो डांसर्स के पास वैनिटी वैन होती थीं और न ही बड़े एक्टर्स के पास। अगर कॉस्ट्यूम बदलना होता था तो हम मॉल चले जाते थे।”
डेजी शाह ने आगे बताया कि शूटिंग के दौरान टीम को कई बार रेस्टोरेंट में बैठकर ही मेकअप करना पड़ता था। आज जहां स्टार्स के लिए लग्जरी वैनिटी वैन और पर्सनल मेकअप रूम्स आम बात हो गई हैं, वहीं उस दौर में हालात काफी अलग थे।
उन्होंने कहा कि टीम सीमित संसाधनों में भी पूरे जोश के साथ काम करती थी और सभी कलाकार शूटिंग को लेकर बेहद समर्पित रहते थे।
डेजी ने साउथ अफ्रीका में शूटिंग के दौरान हुई कठिनाइयों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वहां बहुत ज्यादा ठंड थी और बैकग्राउंड डांसर्स ठंड से बचने के लिए सेट की गर्म लाइट्स के पास जाकर खड़े हो जाते थे।
हालांकि मेकर्स ने उनकी परेशानी को समझा और अगले दिन डांसर्स के लिए बॉडी सूट्स का इंतजाम किया ताकि उन्हें ठंड से राहत मिल सके।
साल 2001 में रिलीज हुई ‘रहना है तेरे दिल में’ बॉक्स ऑफिस पर भले ही शुरुआत में बड़ा कमाल नहीं दिखा पाई थी, लेकिन बाद में यह फिल्म कल्ट क्लासिक बन गई। फिल्म के गाने आज भी लोगों की प्लेलिस्ट का हिस्सा हैं। आर. माधवन, दीया मिर्जा, सैफ अली खान और अनुपम खेर की एक्टिंग को भी काफी सराहा गया था।