जापान ने एविएशन टेक्नोलॉजी में बड़ी छलांग लगाते हुए ऐसे हाइपरसोनिक इंजन का सफल लैब परीक्षण किया है, जो भविष्य में हवाई यात्रा की तस्वीर बदल सकता है। इस तकनीक की मदद से टोक्यो से न्यूयॉर्क तक का सफर महज 1 घंटा 45 मिनट में पूरा किया जा सकेगा, जबकि अभी इस दूरी को तय करने में 14 घंटे से ज्यादा लगते हैं।
जापानी अंतरिक्ष एजेंसी JAXA द्वारा विकसित यह इंजन ध्वनि की गति से पांच गुना तेज उड़ान भरने में सक्षम माना जा रहा है। इसकी अनुमानित रफ्तार करीब 6,125 किलोमीटर प्रति घंटा बताई जा रही है। हाइपरसोनिक तकनीक पर आधारित इस इंजन की खास बात यह है कि इसमें पारंपरिक विमानों की तरह घूमने वाले पंखे नहीं होते। विमान की तेज रफ्तार हवा को दबाव के साथ इंजन में पहुंचाती है, जहां यह लिक्विड हाइड्रोजन ईंधन के साथ मिलकर जबरदस्त ऊर्जा पैदा करती है।
परीक्षण के दौरान विमान के ढांचे और सिस्टम को करीब 1,000 डिग्री सेल्सियस तापमान में परखा गया। इतनी गर्मी के बावजूद इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम और आंतरिक हिस्से सुरक्षित रहे, जिसे वैज्ञानिक बड़ी उपलब्धि मान रहे हैं। यदि यह तकनीक व्यावसायिक रूप से सफल होती है, तो आने वाले समय में लंबी दूरी की यात्राएं बेहद कम समय में पूरी की जा सकेंगी। इससे अंतरराष्ट्रीय एयर ट्रैवल पहले से कहीं ज्यादा तेज और आधुनिक हो सकता है।