शिमला: हिमाचल प्रदेश सरकार ने वन विकास निगम लिमिटेड (HPSFDC) के कर्मचारियों और श्रमिकों के लिए बड़ी घोषणा की है। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में आयोजित निदेशक मंडल (BOD) की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिससे निगम से जुड़े सैकड़ों कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलेगा।
महंगाई भत्ता (DA): निगम के कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते में 3% की बढ़ोतरी की गई है। यह वृद्धि 1 अप्रैल 2025 से प्रभावी होगी।
दिहाड़ी में इजाफा: विभिन्न श्रेणियों के श्रमिकों की न्यूनतम दैनिक मजदूरी 425 रुपये से बढ़ाकर 450 रुपये कर दी गई है। यह नई दरें भी 1 अप्रैल से लागू होंगी।
बोनस का तोहफा: निगम के उन 175 कर्मचारियों को बोनस देने की मंजूरी दी गई है, जिनका मासिक वेतन 21 हजार रुपये तक है।
सेवाओं का नियमितीकरण: पिछले चार वर्षों से प्रत्येक वर्ष 240 दिन का कार्य पूरा करने वाले दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों और सरकार की नीति के अनुसार पात्र अनुबंध कर्मचारियों की सेवाएं नियमित करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने बिलासपुर स्थित रेजिन एवं टरपेंटाइन (R&T) फैक्ट्री के आधुनिकीकरण के बाद राजस्व में हुई वृद्धि पर संतोष व्यक्त किया। इसी सफलता को देखते हुए, अब नाहन स्थित R&T फैक्ट्री के आधुनिकीकरण को भी निदेशक मंडल ने मंजूरी दे दी है। इस कदम का उद्देश्य उत्पादकता को बढ़ाना और निगम की आय में और अधिक इजाफा करना है।
सरकार के इन फैसलों से निगम में कार्यरत कर्मचारियों में खुशी की लहर है और इसे राज्य सरकार द्वारा अपने कर्मचारियों के हित में उठाया गया एक बड़ा कदम माना जा रहा है।