• होम
  • खेल
  • त्यागराज स्टेडियम में कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप का आगाज

त्यागराज स्टेडियम में कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप का आगाज

नई दिल्लीः दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने सोमवार को 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 की भव्य शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न देशों से आए खिलाड़ियों, अधिकारियों एवं प्रतिनिधिमंडलों का दिल्ली की ओर से हार्दिक स्वागत करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दिल्ली के […]

Advertisement
Gauravshali Bharat
Gauravshali Bharat News
  • July 27, 2026 4:51 pm IST, Published 35 seconds ago

नई दिल्लीः दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने सोमवार को 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 की भव्य शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न देशों से आए खिलाड़ियों, अधिकारियों एवं प्रतिनिधिमंडलों का दिल्ली की ओर से हार्दिक स्वागत करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लिए यह गौरव की बात है कि उसे इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि विभिन्न देशों, संस्कृतियों और समाजों को जोड़ने का एक प्रभावी माध्यम हैं। ऐसे आयोजन युवाओं को उत्कृष्टता, अनुशासन, समर्पण और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के लिए प्रेरित करते हैं। साथ ही, वैश्विक मित्रता और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी सशक्त बनाते हैं।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रतियोगिता की आधिकारिक ट्रोफी का भी अनावरण किया और औपचारिक रूप से 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 के शुभारंभ की घोषणा की। इसके उपरांत खिलाड़ियों द्वारा खेल भावना, निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा और अनुशासन की शपथ ली गई। मुख्यमंत्री ने टेबल टेनिस रैकेट से प्रतीकात्मक ‘सेरेमोनियल फर्स्ट स्ट्रोक’ खेलकर प्रतियोगिता का औपचारिक आगाज किया। इस अवसर पर दिल्ली के शिक्षा एवं खेल मंत्री श्री आशीष सूद, कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस फेडरेशन के अध्यक्ष श्री विवेक कोहली, टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया की अध्यक्ष श्रीमती मेघना अहलावत सहित कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस फेडरेशन, टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया और विभिन्न देशों के प्रतिनिधि, खिलाड़ी और गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों और ‘परेड ऑफ नेशंस’ से सजा उद्घाटन समारोह

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और वंदे मातरम् की प्रस्तुति के साथ हुई। देश-विदेश से आए खिलाड़ियों व प्रतिनिधिमंडलों का भारतीय परंपरा के अनुसार स्वागत किया गया। इसके बाद विभिन्न देशों के खिलाड़ियों की ‘परेड ऑफ नेशंस’ आयोजित की गई, जिसमें सभी प्रतिभागी देशों ने अपने राष्ट्रीय ध्वज के साथ मार्च किया। उद्घाटन समारोह में विद्यार्थियों एवं कलाकारों द्वारा भारतीय संस्कृति, एकता और विविधता पर आधारित भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। ‘कलर ऑफ इंडिया’, ‘शिव तांडव’ और सितार-सिम्फनी जुगलबंदी जैसी प्रस्तुतियों ने देश-विदेश से आए खिलाड़ियों और अतिथियों को भारतीय सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाई।

खेलों में नई ऊंचाइयां प्राप्त कर रहा भारत: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत खेलों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। देश में विश्वस्तरीय खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर का विकास, खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का प्रमाण है। दिल्ली सरकार भी इसी संकल्प के साथ राजधानी में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। दिल्ली आज विश्वस्तरीय खेल आयोजनों की मेजबानी के लिए पूर्ण रूप से तैयार है। आधुनिक खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर, उत्कृष्ट आयोजन क्षमता और नागरिकों के उत्साह के साथ राष्ट्रीय राजधानी खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के लिए एक यादगार अनुभव सुनिश्चित करेगी।

मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रत्येक खिलाड़ी अपने देश का प्रतिनिधित्व करते हुए खेल भावना, उत्कृष्ट प्रदर्शन और आपसी सम्मान की भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लें। उन्होंने दिल्लीवासियों से भी बड़ी संख्या में प्रतियोगिता में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने का आह्वान किया।

शिक्षा और खेल एक-दूसरे के पूरक: शिक्षा एवं खेल मंत्री आशीष सूद

इस अवसर पर दिल्ली के शिक्षा एवं खेल मंत्री श्री आशीष सूद ने कहा कि यह प्रतियोगिता केवल विश्वस्तरीय खिलाड़ियों के बीच खेल प्रतिस्पर्धा का मंच नहीं है, बल्कि विभिन्न देशों के बीच मित्रता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और खेल भावना को सशक्त बनाने का अहम अवसर भी है। दिल्ली के लिए इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता की मेजबानी करना गर्व और सम्मान का विषय है। उन्होंने विभिन्न देशों से आए सभी खिलाड़ियों, कोचों, अधिकारियों एवं प्रतिनिधिमंडलों का दिल्ली में स्वागत करते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि खिलाड़ी इस प्रतियोगिता की यादगार उपलब्धियों के साथ-साथ दिल्ली की संस्कृति, आतिथ्य और यहां के लोगों के स्नेह को भी अपने साथ लेकर जाएंगे।

शिक्षा एवं खेल मंत्री ने कहा कि शिक्षा और खेल एक-दूसरे के पूरक हैं। जहां कक्षा विद्यार्थियों को ज्ञान और सोचने की क्षमता प्रदान करती है, वहीं खेल का मैदान उन्हें टीम भावना, धैर्य, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, संघर्षशीलता और दूसरों के प्रति सम्मान जैसे जीवन मूल्यों का पाठ पढ़ाता है। मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता जी के नेतृत्व में दिल्ली सरकार इसी सोच के साथ शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों को समान प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। दिल्ली सरकार राजधानी में खेल अवसंरचना को सुदृढ़ करने और खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार केवल खेल स्टेडियमों और बुनियादी ढांचे के विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रतिभा पहचान, प्रशिक्षण और खिलाड़ियों के लिए नए अवसर सृजित करने पर भी विशेष ध्यान दे रही है।

2 अगस्त तक चलेगी प्रतियोगिता, दर्शकों के लिए निःशुल्क प्रवेश

22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 का आयोजन 27 जुलाई से 2 अगस्त तक त्यागराज स्टेडियम में किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में कॉमनवेल्थ के 25 सदस्य देशों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इनमें भारत, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, बारबाडोस, बोत्सवाना, कनाडा, साइप्रस, इंग्लैंड, फॉकलैंड आइलैंड्स, जमैका, केन्या, मलावी, मलेशिया, मालदीव, नामीबिया, न्यूज़ीलैंड, नाइजीरिया, नॉर्दर्न आयरलैंड, स्कॉटलैंड, सिंगापुर, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, वेल्स, ज़ाम्बिया और ज़िम्बाब्वे शामिल हैं। इस चैंपियनशिप में सभी दर्शकों के लिए प्रवेश पूरी तरह से निःशुल्क रखा गया है। प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन को बढ़ावा देना ही नहीं, बल्कि कॉमनवेल्थ देशों के बीच मैत्री, सहयोग और खेल भावना को भी सुदृढ़ करना है।

 

Advertisement